पंजाब में कोरोना का कहर, 24 घंटे में 20 मरीजों की मौत, 711 नए पॉजिटिव की पुष्टि
पंजाब में कोरोना कहर ढा रहा है। राज्य में कोरोना से मरने वालों की संख्या बढ़ गई है। पिछले 24 घंटे में 20 लोगों की माैत हो गई और 711 नए मरीजों की पुष्टि हुई।
चंडीगढ़ / जालंधर, जेएनएन। पंजाब में कोरोना का कहर बढ़ गया है और राज्य में मरीजों का ग्राफ दिन ब दिन बढ़ता जा रहा है। हालांकि पिछले दो दिनों की अपेक्षा पिछले 24 घंटे के दौरान कोरोना संक्रमितों की संख्या कुछ कम रही है। 24 घंटे के दौरान प्रदेश में कुल 711 मरीज कोरोना पॉजिटिव पाए गए। राज्य में इस दौरान 20 कोरोना मरीजों की मौत हो गई। इससे पहले शुक्रवार को 849 और शनिवार को रिकॉर्ड 993 मरीज राज्य में संक्रमित मिले थे। शनिवार को जहां प्रदेश में 23 लोगों की मौत कोरोना के कारण हुई
बठिंडा में 112 और जालंधर में 103 मरीज मिले संक्रमित
पिछले 24 घंटे के दौरान सबसे ज्यादा बठिंडा में 112 और जालंधर में 103 मरीज संक्रमित मिले हैं। बठिंडा में एक दिन पहले भी 133 मरीज पॉजिटिव पाए गए थे। वहीं पटियाला में भी 88 लोग पॉजिटिव पाए गए हैं। पटियाला में संक्रमित पाए गए लोगों में दस कोरोना के योद्धा (पांच पुलिस मुलाजिम और पांच सेहत कर्मी भी हैं।
पटियाला में तीन लोगों की मौत भी हुई है। इनमें 80 साल की एक बुजुर्ग और 53 व 55 साल के दो पुरुष भी शामिल हैं। पातड़ां की रहने वाली बुजुर्ग महिला शुगर, हाइपरटेंशन और दिल की बीमारी से पीडि़त थीं और उनका राजिंदरा अस्पताल में इलाज चल रहा था।
वहीं लुधियाना में 24 घंटे में प्रदेश में सबसे ज्यादा आठ मरीजों की मौत कोरोना के कारण हुई है। इनमें एक 69 साल की महिला और शेष सात 55, 69, 70, 60, 57, 67 और 71 के पुरुष हैं। लुधियाना में पिछले कुछ दिनों से लगातार जहां संक्रमितों का आंकड़ा प्रदेश में सबसे ज्यादा आ रहा था, वहीं रविवार को मात्र 55 लोग ही संक्रमित पाए गए हैं। अमृतसर में भी चार लोगों की मौत कोरोना के कारण हुई है।
--------
कोरोना मीटर
कुल केस/24 घंटे में- 18,228/711
कुल सक्रिय केस/24 घंटे में- 6,331/310
कुल स्वस्थ हुए/24 घंटे में- 11466/391
कुल मृत्यु/24 घंटे में- 441/20
कुल टेस्ट/24 घंटे में- 5,99,651/7,258