14 अप्रैल तक कोरोना पर पाना होगा काबू
केंद्र सरकार ने चंडीगढ़ प्रशासन को आदेश जारी कर जरूरी कदम उठाने के लिए कहा।
जागरण संवाददाता, चंडीगढ़ : कोरोना वायरस की इस महामारी से हर हालत में 14 अप्रैल तक निपटना होगा। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने जो 21 दिन का लॉकडाउन देशभर में घोषित किया है। उसी पीरियड के दौरान इस महामारी पर काबू पाना होगा। केंद्र सरकार ने इस तरह के स्पष्ट दिशा-निर्देश जारी कर दिए हैं। इसको लेकर वीरवार को कैबिनेट सेक्रेटरी ने वीडियो काफ्रेंसिग के जरिये यूटी प्रशासन के अधिकारियों से चर्चा कर उन्हें समय सीमा की जानकारी दी। इसके अलावा कैबिनेट सेक्रेटरी ने चंडीगढ़ में कर्फ्यू के दौरान लोगों को राहत पहुंचाने के लिए बनाई गई व्यवस्था पर अपडेट लिया। दरअसल 21 दिन का लॉकडाउन होने से कामकाज ठप पडा है। इससे लोगों की आर्थिक स्थिति खराब होने के साथ देश की अर्थव्यवस्था भी प्रभावित होगी। इसको लेकर फैसला लिया गया है कि कोरोना को 14 अप्रैल तक हराना है। इसके लिए चाहे जितनी भी सख्ती करनी पड़े। इस वीडियो कांफ्रेंसिग में एडवाइजर मनोज कुमार परिदा, फाइनेंस सेक्रेटरी एके सिन्हा और नगर निगम कमिश्नर केके यादव सहित अन्य अधिकारी मौजूद रहे। लोगों की परेशानी दूर करेगी एसआरटी
कर्फ्यू के दौरान सेक्टर दर सेक्टर लोगों की समस्याओं को दूर करने के लिए प्रशासन ने सेक्टर रिस्पांस टीम (एसआरटी) का गठन किया है। हर सेक्टर की एसआरटी में एक नोडल ऑफिसर के साथ सेक्टर इंचार्ज बनाया गया है। जो अपने सेक्टर में आ रही लोगों की दिक्कतों को तुरंत दूर करेंगे। लोग अपने एरिया की किसी भी सेवा के लिए इनसे संपर्क कर सकते हैं। यह टीम संबंधित एरिया के लोगों और प्रशासन के बीच कोऑर्डिनेशन का काम करेंगी। यह नगर निगम के कंट्रोल के तहत करेंगे और सप्लाई चेन को मेंटेन करने में मदद करेंगे। इन एसआरटी के नोडल अफसर और इंचार्ज के नामों की लिस्ट यूटी प्रशासन की वेबसाइट द्धह्लह्लश्च//ष्द्धड्डठ्ठस्त्रद्बद्दड्डह्मद्ध.द्दश्र1.द्बठ्ठ/श्चस्त्रद्घ/द्वष्ष्23ह्मह्ल.श्चस्त्रद्घ पर अपलोड कर दी गई है। जिसमें इनके मोबाइल नंबर भी दिए गए हैं। सप्लाई चेन का जायजा लेने प्रशासक उतरे सड़क पर
वीरवार से लोगों को घरों में दूध, फल-सब्जी और राशन जैसे जरूरी सामान की होम डिलीवरी शुरू की गई। पहले दिन सीटीयू की 70 बसों को डोर-टू-डोर सप्लाई के लिए लगाया गया। बस में दो से तीन वेंडर और पुलिसकर्मी भी तैनात किए गए। सेक्टर-26 सब्जी मंडी में सप्लाई चेन को देखने के लिए अधिकारियों की ड्यूटी लगाई गई। पुलिसकर्मियों को भी मंडी में तैनात किया गया। प्रशासक वीपी सिंह बदनौर खुद एडवाइजर मनोज कुमार परिदा और अधिकारियों के साथ सप्लाई चेन का जायजा लेने ग्राउंड पर उतरे। उन्होंने सीटीयू की बसों में ले जाए जा रहे सामान का जायजा लिया। ट्राईसिटी में बनाएं कोऑर्डिनेशन
प्रशासक वीपी सिंह बदनौर ने कर्फ्यू को सख्त से लागू करने के आदेश दिए। उन्होंने कहा कि प्रशासन लोगों की कम से कम मूवमेंट को सुनिश्चित करे और वायरस को फैलने से रोका जाए। पंचकूला और मोहाली से गैर जरूरी आवाजाही रोकने के लिए दोनों के जिला प्रशासन से कोऑर्डिनेशन होना चाहिए। मार्कफैड और हैफेड देंगे राशन
एडवाइजर मनोज कुमार परिदा ने कहा कि मार्कफैड और हैफेड से लोगों को जायज रेट पर राशन उपलब्ध कराने के लिए टाईअप किया गया है। इसके लिए यह अपनी मोबाइल वैन शहर में चला सकेंगे। एडवाइजर ने लोगों से आग्रह करते हुए कहा कि शुरुआत में थोड़ी परेशानी लोगों को जरूरी होगी। लेकिन धीरे-धीरे यह नहीं रहेंगी। उन्होंने लोगों से आग्रह किया कि घरों में सामान का स्टॉक न करें। आवश्यक सामान की कोई शॉर्टेज नहीं है। रोजाना सप्लाई चेन चालू रहेगी। लोगों को घर के दरवाजे पर सभी जरूरी सामान मिले यह प्रशासन सुनिश्चित कर रहा है। दूध सप्लाई की लिस्ट वेबसाइट पर
एरिया वाइज दूध सप्लाई को सुनिश्चित कराने के लिए अधिकारियों की सूची तैयार की गई है। यह सूची यूटी प्रशासन की वेबसाइट पर अपलोड की गई है। लोगों के घरों पर ही दूध की होम डिलीवरी होगी। कोई भी दूध के लिए बूथ या शॉप पर नहीं जा सकता।