चंडीगढ़ में दीपावली पर पटाखों से 189 लोग झुलसे, 37 की आंखों में चोट; PGI में सात मरीज गंभीर रूप से घायल
दीपावली पर चंडीगढ़ में पटाखों से 189 लोग झुलसे और 37 की आंखों में चोट आई, जबकि पीजीआई में 7 ...और पढ़ें
-1794224981170_m.webp)
दीपावली पर पटाखों से 189 लोग झुलसे। फोटो जागरण
HighLights
पटाखों से 189 लोग झुलसे, 37 की आंखों में चोट।
पीजीआई में सात गंभीर मरीज, तीन के हाथ का ऑपरेशन।
चार अस्पतालों में 1450 मरीज, सड़क हादसों के 47 मामले।
जागरण संवाददाता, चंडीगढ़। दीपावली पर आतिशबाजी का उत्साह कई लोगों के लिए दर्दनाक हादसों में बदल गया। पटाखे जलाने के दौरान हुए हादसों में शहर के चार प्रमुख सरकारी अस्पतालों में 189 लोग झुलसने और 37 लोग आंखों में चोट लगने के बाद उपचार के लिए पहुंचे।
वहीं, पटाखों से गंभीर रूप से घायल सात मरीज पीजीआइ पहुंचे। इनमें चार लोगों के हाथों में पटाखे फटने से गंभीर चोटें आईं, जबकि तीन अन्य मरीज कपड़ों में आग लगने के कारण झुलस गए। पीजीआइ में तीन मरीजों के हाथों का एडवांस्ड ट्रॉमा सेंटर (एटीसी) में ऑपरेशन करना पड़ा। चार सरकारी अस्पतालों में दीपावली के दिन कुल 1450 मरीजों ने उपचार करवाया।
हाथ में पटाखे फोड़ना पड़ा भारी
पीजीआइ के प्लास्टिक सर्जरी विभाग के प्रमुख प्रो. डॉ. अतुल पराशर के अनुसार, चार मरीजों के हाथों में उस समय पटाखे फट गए, जब वे उन्हें हाथ में पकड़कर जला रहे थे। विस्फोट के कारण उनके हाथों में गंभीर चोटें आईं। इनमें से तीन मरीजों का एडवांस्ड ट्रॉमा सेंटर में ऑपरेशन किया गया, जबकि एक अन्य मरीज को ड्रेसिंग के बाद उपचार दिया जा रहा है।
कपड़ों में आग लगने से तीन लोग झुलसे
पटाखे जलाने के दौरान कपड़ों में आग लगने से तीन अन्य लोग झुलस गए। इन मरीजों के शरीर का करीब 15 से 20 प्रतिशत हिस्सा जल गया है। गंभीर स्थिति को देखते हुए उन्हें पीजीआइ के बर्न हाई डिपेंडेंसी यूनिट (एचडीयू) में भर्ती किया गया है। प्लास्टिक सर्जरी विभाग के डॉक्टरों की निगरानी में उनका उपचार चल रहा है।
चार सरकारी अस्पतालों में 1450 मरीज पहुंचे
स्वास्थ्य विभाग की ओर से जारी आंकड़ों के मुताबिक, दीपावली के दिन जीएमएसएच-16, सिविल अस्पताल मनीमाजरा, सेक्टर-22 और सेक्टर-45 में कुल 1450 मरीज उपचार के लिए पहुंचे। इनमें सबसे अधिक 737 मरीज जीएमएसएच-16 में आए। सिविल अस्पताल मनीमाजरा में 313, सेक्टर-22 में 138 और सेक्टर-45 में 262 मरीजों का उपचार किया गया।
पटाखों से झुलसने के कुल 189 मामले सामने आए। इनमें जीएमएसएच-16 में 87, मनीमाजरा में 49, सेक्टर-45 में 44 और सेक्टर-22 में नौ मरीज पहुंचे। वहीं, आंखों में चोट लगने के 37 मामले दर्ज किए गए। जीएमएसएच-16 में 29, मनीमाजरा में चार, सेक्टर-45 में तीन और सेक्टर-22 में एक मरीज का उपचार किया गया। आंख में चोट के एक मरीज को सेक्टर-45 अस्पताल से पीजीआइ रेफर किया गया।
सड़क हादसों के 47 मामले भी आए सामने
दीपावली के दिन सड़क दुर्घटनाओं में घायल हुए 47 लोग भी इन चार अस्पतालों में उपचार के लिए पहुंचे। इनमें जीएमएसएच-16 में 12, मनीमाजरा में दो, सेक्टर-22 में छह और सेक्टर-45 में 27 मरीजों का उपचार किया गया।
डॉक्टरों ने लोगों से अपील की है कि पटाखे कभी भी हाथ में पकड़कर न जलाएं। आतिशबाजी के दौरान सुरक्षित दूरी बनाए रखें और ढीले या ज्वलनशील कपड़े पहनने से बचें। थोड़ी सी लापरवाही गंभीर चोट और जानलेवा हादसे का कारण बन सकती है।
देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score , IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।