विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

बठिंडा में नशे की ओवरडोज से युवक की मौत, तीन दिन बाद शव बरामद

Published: Sun, 04 Oct 2026 04:40 PM (IST)

बठिंडा के मॉडल टाउन फेज-1 में रेलवे दीवार के पास नहरी खाल में एक युवक का तीन दिन पुराना शव ...और पढ़ें

बठिंडा में नशे की ओवरडोज से युवक की मौत। सांकेतिक फोटो

बठिंडा में नशे की ओवरडोज से युवक की मौत। सांकेतिक फोटो

HighLights

  1. बठिंडा में नहरी खाल से तीन दिन पुराना शव मिला।

  2. युवक की बाजू के पास सिरिंज मिली, ओवरडोज की आशंका।

  3. पुलिस और सहारा टीम पहचान के प्रयास कर रही है।

जागरण संवाददाता, बठिंडा। मॉडल टाउन फेज-1 में रेलवे की दीवार के पास नहरी खाल में पुली के नीचे एक युवक की लाश मिलने से सनसनी फैल गई। लाश करीब तीन दिन पुरानी बताई जा रही है। मृतक की बाजू के पास सिरिंज पड़ी मिली है, जिसके चलते प्रथम दृष्टया उसकी मौत नशे की ओवरडोज से होने की आशंका जताई जा रही है। हालांकि मौत के वास्तविक कारणों की पुष्टि पोस्टमार्टम के बाद ही होगी।

सहारा जनसेवा की लाइफ सेविंग ब्रिगेड हेल्पलाइन टीम को घटना की सूचना मिली तो संदीप गिल, जग्गा, नीतीश सेन और हरबंस सिंह मौके पर पहुंचे। टीम को रेलवे की दीवार के साथ खाल में पुली के नीचे एक व्यक्ति की लाश पड़ी मिली। लाश गली-सड़ी अवस्था में थी और करीब तीन दिन पुरानी प्रतीत हो रही थी। मृतक ने काली शर्ट, नीली पैंट और काले रंग के बूट पहने हुए थे। उसका शरीर भारी था। उसकी एक बाजू पर अंग्रेजी में भट्टी और दूसरी बाजू पर काका लिखा हुआ था।

मृतक के पास से पहचान से संबंधित कोई दस्तावेज या अन्य सामान नहीं मिला। सहारा टीम ने संबंधित थाना जीआरपी पुलिस को सूचना दी। पुलिस अधिकारियों ने मौके पर पहुंचकर घटना की जांच की। पुलिस की मौजूदगी में शव की जांच करने पर मृतक की बाजू के पास सिरिंज पड़ी मिली। इसके आधार पर नशे की ओवरडोज से मौत होने की आशंका जताई जा रही है।

माना जा रहा है कि शव रेलवे पुली के नीचे पड़ा रहने के कारण आसपास के लोगों को कई दिनों तक इसका पता नहीं चला। पुलिस कार्रवाई के बाद सहारा टीम ने शव को अस्पताल की मोर्चरी में पहुंचाया। शव को सुरक्षित रखवा दिया गया है। पुलिस और सहारा टीम की ओर से मृतक की पहचान के प्रयास किए जा रहे हैं।