गोली मारकर युवक को किया घायल, तीन पर केस
गुरु गोबिद सिंह नगर में देर शाम कुछ लोगों ने अपने रिश्तेदार को गोली मारकर गंभीर रूप से घायल कर दिया।
जासं,बठिडा : गुरु गोबिद सिंह नगर में देर शाम कुछ लोगों ने अपने रिश्तेदार को गोली मारकर गंभीर रूप से घायल कर दिया। घायल हुए युवक को उपचार के लिए शहर के एक प्राइवेट अस्पताल में दाखिल करवाया गया, जहां पर शनिवार को ऑपरेशन हुआ। वहीं थाना थर्मल पुलिस ने इस मामले में गोली चलाने वाले तीन रिश्तेदारों को नामजद कर उनके खिलाफ इरादा ए हत्या, असला एक्ट समेत विभिन्न धाराओं के तहत मामला दर्ज कर लिया है। आरोपित अभी फरार है, जिनकी गिरफ्तारी के लिए पुलिस प्रयास शुरू कर दिए है।
पुलिस को दिए बयान में गुरु गोबिद सिंह नगर गली नंबर 10/7 के रहने वाले मनदीप सिंह ने बताया कि शुक्रवार रात करीब साढ़े नौ बजे वह अपनी एक्टिवा पर सवार होकर घर आ रहा था। जैसे ही वह घर के पास पहुंचा तो एक गाड़ी में सवार होकर आए आरोपित गुरप्रीत सिंह निवासी ढिल्लो कालोनी, मनप्रीत सिंह व हैप्पी बुट्टर निवासी गांव अबलू कोटली ने अपनी गाड़ी उसके आगे लगा दी। गाड़ी से उतरे तीन युवकों ने उसके साथ बहसबाजी शुरू कर दी। इसी बीच एक युवक ने पिस्तौल से फायर कर दिया जो उसकी बाईं बाजू पर लगा। आरोपित उसे घायल करने के बाद मौके से फरार हो गए। उसने तुरंत इसकी जानकारी अपने स्वजनों को दी। उसके स्वजनों ने उसे पहले सरकारी अस्पताल में दाखिल करवाया, यहां से उसे बठिडा के एक निजी अस्पताल में रेफर कर दिया गया।
मनदीप सिंह ने बताया कि उस पर हमला करने वाले उसके रिश्तेदार हैं। जिनका उनका कुछ समय पहले घरेलू झगड़ा हुआ था। उस मामले में समझौता हो गया था। लेकिन आरोपित रंजिश रखे हुए थे। इसी बात की रंजिश में आरोपितों ने उस पर जानलेवा हमला किया। इस संबंध में मामले के जांच अधिकारी सब इंस्पेक्टर बलकौर सिंह का कहना है कि घायल युवक के बयानों पर आरोपित मनप्रीत सिंह, गुरप्रीत सिंह व हैप्पी बुट्टर पर केस दर्ज कर लिया है।