महिला ने वीडियो बनाकर निगला जहर, मौत के लिए प्रेमी ठहराया जिम्मेवार
कृष्णा कॉलोनी निवासी एक महिला ने जहर निगल कर आत्महत्या कर ली।
जासं, बठिडा : कृष्णा कॉलोनी निवासी एक महिला ने जहर निगल कर आत्महत्या कर ली। आत्महत्या का कारण प्रेम संबंध व विवाह करने के बाद परिवार को धोखा देना बताया जा रहा है। मृतक महिला ने आत्महत्या करने से पहले एक वीडियो बनाया, जिसमें वह अपनी मौत के लिए एक युवक को जिम्मेवार ठहरा रही थी। घटना की सूचना मिलने के बाद वर्धमान चौकी पुलिस ने महिला के स्वजनों के बयान दर्ज करके जांच शुरू कर दी है। मृतक महिला की पहचान जसविदर कौर निवासी कृष्णा कॉलोनी के तौर पर हुई, जोकि अपनी 14 साल की बेटी के साथ रहती थी। बेटी के अनुसार दीप सिंह नगर का रहने वाला करनसिमरण सिंह का उनके घर में पिछले डेढ़ साल से आना-जाना था। इस दौरान उसकी माता जसविदर कौर के साथ प्रेम संबंध थे। कुछ समय पहले दोनों ने वरमाला पहनाकर विवाह भी कर लिया था। विवाह के कुछ समय बाद युवक ने उसकी मां को यह कहकर छोड़ दिया कि वह अपने माता-पिता के खिलाफ नहीं जा सकता। युवक व महिला की उम्र में भी काफी अंतर था। इन्हीं बातों से परेशान होकर महिला ने सुबह तीन बजे के करीब घर में रखी जहरीली दवा निगल ली और अपने मोबाइल पर आखिरी वीडियो बनाकर अपनी मौत के लिए दीप नगर निवासी करनसिमरन सिंह को जिम्मेवार ठहराया है। गंभीर हालत में महिला को उपचार के लिए सिविल अस्पताल पहुंचाया, जहां पर उसकी मौत हो गई। पुलिस इस मामले में सभी पहलुओं की गहराई से जांच कर रही है व आत्महत्या के असल कारणों का पता लगा रही है। मृतक महिला के स्वजनों ने पुलिस को कुछ फोटो भी दी है, जिसमें उक्त युवक जहां परिवार के साथ घूमता दिखाई दे रहा है वही एक फोटो में युवक व महिला विवाह के जोड़े में दिखाई दे रही है। मृतक की बेटी ने भी दोनों के विवाह होने व बाद में परिवार के दबाव में लड़के के मुकरने की बात कही है।
उधर, वर्धमान चौकी के इंचार्ज एसआइ गणेशवर कुमार का कहना है कि मृतक महिला की मां बबली के बयान पर फिलहाल आरोपित युवक करनसिमरन सिंह पर मामला दर्ज कर लिया गया है। उसकी गिरफ्तारी होने के बाद ही असल कारणों का पता चल सकेगा।