सुबह आकाश में छाए बादल, दोपहर को हुई बारिश
सुबह से ही आकाश में बादल छाए रहने व दोपहर बाद बारिश होने से मौसम में ठिठुरन बढ़ गई है।
जागरण संवाददाता, ब¨ठडा : सुबह से ही आकाश में बादल छाए रहने व दोपहर बाद बारिश होने से मौसम में ठिठुरन बढ़ गई है। इसका आम जनजीवन पर असर पड़ा है। इस मौसम की बारिश को फसलों के लिए सोना बताया गया है। कृषि वैज्ञानिकों का कहना है कि यह बारिश सभी फसलों के लिए लाभकारी है। सोमवार सुबह से ही आकाश में बादल छाए रहे। दोपहर बाद बादलों के कारण अंधेरा छा गया और लगभग तीन बजे से बूंदाबांदी शुरू हो गई। इसके बाद बारिश तेज हुई और एक घंटे तक पड़ती रही। बारिश के दौरान स्कूलों की छुट्टी हुई तो बच्चों को परेशानी का सामना करना पड़ा। बारिश के बाद से ठिठुरन बढ़ गई है। मौसम विभाग ने 8 एमएम बारिश रिकार्ड की। न्यूनतम तापमान 6 डिग्री सेल्सियस रिकार्ड किया गया।
बारिश से अचानक बढ़ी ठिठुरन से आम जनजीवन प्रभावित हो गया है। ठंड के कारण शाम को लोग जल्द अपने घरों को चले गए। शहर में शाम के समय चहल-पहल अन्य दिनों के मुकाबले कम रही। ठंड व शीतलहर के कारण बाजार जल्द बंद हो गए। जबकि बारिश के बाद अचानक बढ़ी ठंड से बचाव की सलाह दी गई है। चिकित्सकों का कहना है कि इस ठंड से बचाव ही सबसे बड़ा उपाय है। वहीं ठंड से बचने के लिए लोग दिन ढलने से पूर्व ही अपने घरों में दुबक गए। दूसरी तरफ मौसम विभाग के अधिकारियों का कहना है कि दो दिन तक ऐसे ही मौसम रहने की संभावना है।