टूरिस्ट वीजा पर दो बहनों को दुबई भेजा, होटल मालिक ने बनाया बंधक
शहर की परसराम नगर वासी दो बहनों को कुछ लोगों ने टूरिस्ट वीजे पर दुबई भेज दिया।
जागरण संवाददाता, बठिडा : शहर की परसराम नगर वासी दो बहनों को कुछ लोगों ने टूरिस्ट वीजे पर दुबई भेज दिया। वहां पर पहुंचने पर दोनों बहनों से एक होटल मालिक ने उनके कागजात व पासपोर्ट अपने पास रखकर उन्हें क्लब में नाचने के लिए मजबूर किया जा रहा है। पीड़िता महिलाओं ने यह जानकारी अपने पति को एक वायस मैसेज के जरिए भेजी और बताया कि उन्हें दोनों बहनों को अलग-अलग होटल में बंधक बनाकर रखा गया है। थाना कैनाल कालोनी पुलिस ने दुबई में फंसी महिला के पति की शिकायत पर तीन लोगों के खिलाफ विभिन्न धाराओं के तहत केस दर्ज कर जांच शुरू कर दी है, वहीं दो आरोपितों को गिरफ्तार कर उनसे पूछताछ की जा रही है।
पुलिस को शिकायत देकर जसवंत सिंह वासी गांव बुर्ज काहन सिंह वाला हाल गली नंबर 7सी- परसराम नगर बठिडा ने बताया कि वह बठिडा शहर में टैक्सी चलाता है। उसकी शादी करीब चार साल पहले प्रिया पुत्री अशोक कुमार वासी गली नंबर 32 परसराम नगर बठिडा के साथ हुई थी। शिकायतकर्ता के मुताबिक उसकी पत्नी प्रिया ने उसे बताया कि उसके पिता उसे व उसकी बहन प्रीती को टूरिस्ट वीजे पर दुबई भेजने के लिए आरोपित सुखदेव सिंह निवासी गली नंबर 29 परसराम नगर, जोबनजीत सिंह वासी गली नंबर पांच पक्का कालोनी माडल टाउन लुधियाना व सलमान खान वासी 283ए ब्लाक गुड़गांव हरियाणा के साथ बात तय की है। उनकी सात जून की शाम को उनकी दिल्ली से दुबई के लिए फ्लाइट है। सात जून की उसकी पत्नी प्रिया व साली प्रीती ने दिल्ली एयरपोर्ट से दुबई की फ्लाइट ली और अगले दिन आठ जून की सुबह 12 बजे वह दुबई पहुंचे। करीब एक बजे उसकी पत्नी प्रिया का उसके मोबाइल फोन पर एक वायस मैसेज आया कि वह दुबई में बुरी तरह से फंस गए हैं। जिस होटल में ठहरी हैं, उसके मालिक ने उनके पासपोर्ट व कागजात अपने पास जब्त कर लिए हैं और उन्हें होटल में बंधक बना लिया और उन्हें क्लबों में काम करने के लिए दबाव बनाया जा रहा है। उसकी पत्नी ने बताया कि उसे व उसकी साली प्रीती को अलग-अलग होटल में रखा गया है। शिकायतकर्ता ने बताया कि आरोपितों ने उसकी पत्नी व साली को धोखे से दुबई भेजकर उन्हें होटल में बंधक बनाया है। पुलिस ने जसवंत सिंह की शिकायत पर आरोपित ट्रेवल एजेंट सुखदेव सिंह, जोबनजीत सिंह को गिरफ्तार कर लिया है, जबकि सलमान खान की गिरफ्तारी बाकी है।
मामले के जांच अधिकारी सब इंस्पेक्टर कुलवंत सिंह का कहना है कि आरोपितों का कहना है कि उन्हें केवल लड़कियों को टूरिस्ट वीजा पर भेजा था। कुलवंत सिंह ने कहा कि उन्होंने दुबई में स्थित होटल मैनेजर से बात कर लड़कियों के पासपोर्ट वापस करवा दिए है और उन्हें वापस बुला लिया गया है, जबकि आरोपितों को अदालत में पेश कर उनका पुलिस रिमांड हासिल किया जाएगा, ताकि पता किया जा सके कि आरोपितों ने पहले भी कोई लड़कियां विदेश भेजी है।
लोकसभा चुनाव और क्रिकेट से संबंधित अपडेट पाने के लिए डाउनलोड करें जागरण एप