विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

पंजाब में Flipkart के गोदाम से साढ़े चार करोड़ के 980 मोबाइल चोरी मामले में दो गिरफ्तार, 6 लोगों पर केस दर्ज

Published: Sun, 25 Oct 2026 08:57 PM (IST)

बठिंडा में फ्लिपकार्ट के गोदाम से 4.58 करोड़ रुपये के 980 सैमसंग मोबाइल फोन चोरी हो गए, जिसमें छह लोगों ...और पढ़ें

Flipkart के गोदाम से मोबाइल चोरी मामले में एक्शन। फाइल फोटो

Flipkart के गोदाम से मोबाइल चोरी मामले में एक्शन। फाइल फोटो

HighLights

  1. बठिंडा में फ्लिपकार्ट गोदाम से 980 मोबाइल चोरी।

  2. 4.58 करोड़ रुपये के सैमसंग फोन गायब हुए।

  3. छह आरोपी नामजद, दो की गिरफ्तारी हुई।

जागरण संवाददाता, बठिंडा। भुच्चो कैंचियां रोड स्थित फ्लिपकार्ट कंपनी के गोदाम से करीब 4.58 करोड़ रुपये की 980 सैमसंग मोबाइल फोन चोरी होने के मामले में थाना नथाना की पुलिस ने छह लोगों के खिलाफ केस दर्ज किया है। पुलिस ने इस मामले में दो आरोपितों को गिरफ्तार कर लिया है, जबकि अन्य आरोपितों की गिरफ्तारी के लिए कार्रवाई की जा रही है।

मामले की जांच सहायक थानेदार गुरप्रीत सिंह कर रहे हैं। पुलिस को दर्ज करवाई शिकायत में जिला श्री अमृतसर साहिब के निवासी हरजिंदर कुमार ने बताया कि वह फ्लिपकार्ट कंपनी में इंफोर्समेंट अफसर के पद पर तैनात हैं। उन्होंने शिकायत में बताया कि भुच्चो कैंचियां रोड स्थित कंपनी के गोदाम से कुछ लोग करीब 980 महंगे मोबाइल फोन चोरी कर ले गए।

मोबाइल की कीमत साढ़े चार करोड़

चोरी हुए मोबाइल फोन की कुल कीमत करीब 4.58 करोड़ रुपये बताई गई है। घटना का पता चलने के बाद मामले की जानकारी पुलिस को दी गई, जिसके आधार पर पुलिस ने जांच शुरू की।

शिकायत के आधार पर पुलिस ने मानसा जिले के गांव अकांवाली निवासी लवप्रीत सिंह, हरियाणा के गांव हडौली निवासी बलजिंदर सिंह, बरनाला जिले की तपा मंडी निवासी सुरिंदर सिंह और हरियाणा के टोहाना निवासी गौतम सहित दो अन्य लोगों के खिलाफ मामला दर्ज किया है। पुलिस ने कार्रवाई करते हुए लवप्रीत सिंह और सुरिंदर सिंह को गिरफ्तार कर लिया है। वहीं, अन्य आरोपितों की गिरफ्तारी अभी बाकी है।

गोदाम से डीवीआर भी ले गए थे चोर

जानकारी के अनुसार, वारदात का पता उस समय चला, जब गोदाम के कर्मचारी सुबह करीब पांच बजे वापस पहुंचे। इससे पहले कर्मचारी रात करीब ढाई बजे माल की डिलीवरी लेकर निकले थे। वापस आने पर गोदाम के शटर का ताला गायब मिला और शटर ऊपर उठा हुआ था।

अंदर जांच करने पर बड़ी संख्या में मोबाइल फोन गायब पाए गए। चोर गोदाम में लगे सीसीटीवी कैमरों की रिकार्डिंग सुरक्षित रखने वाली डीवीआर भी अपने साथ ले गए थे। इससे पुलिस के सामने वारदात से जुड़े साक्ष्य जुटाने की चुनौती खड़ी हो गई।

पुलिस और फोरेंसिक टीम ने की जांच

घटना की सूचना मिलने के बाद पुलिस अधिकारियों ने मौके पर पहुंचकर घटनास्थल का जायजा लिया। मोबाइल फोरेंसिक लैब यूनिट की टीम ने भी जांच कर सुराग जुटाने का प्रयास किया। पुलिस अब गिरफ्तार आरोपितों से पूछताछ और अन्य पहलुओं की जांच के आधार पर चोरी हुए मोबाइल फोन की बरामदगी तथा बाकी आरोपितों की गिरफ्तारी के प्रयास कर रही है।