निगम ने 3104 समस्याओं का किया निपटारा
शहर को हरा-भरा और साफ सुथरा बनाने में शहर के लोगों का नगर निगम को खासा सहयोग मिलना शुरू हो गया है।
जागरण संवाददाता, ब¨ठडा
शहर को हरा-भरा और साफ सुथरा बनाने में शहर के लोगों का नगर निगम को खासा सहयोग मिलना शुरू हो गया है। नगर निगम की ओर से दी गई आधिकारिक जानकारी के मुताबिक शहर के लोगों की ओर से स्वच्छ भारत अभियान के तहत नगर निगम के कार्यालय में 3366 शिकायतें दर्ज कराई हैं। इनमें से नगर निगम की ओर से 262 शिकायतों को खारिज कर दिया गया। नगर निगम अधिकारियों की ओर से दी गई जानकारी के मुताबिक खारिज की गई शिकायतें स्वच्छ भारत से नहीं जुड़ीं थीं। इनमें से अधिकतर शिकायतें स्ट्रीट लाइट खराब होने आदि की थीं। संबंधित विभाग को इन शिकायतों की जानकारी दे दी गई थी।
स्वच्छ भारत टीम के नोडल अधिकारी एक्सईएन संदीप गुप्ता ने बताया कि स्वच्छ भारत के तहत मिलने वाली शिकायतों के निस्तारण के लिए अलग से टीम गठित की गई है। लोगों की ओर से जहां कहीं भी शहर में गंदगी होने की शिकायतें स्वच्छ एप अथवा अन्य स्त्रोतों से दर्ज कराई जातीं हैं उनका ज्यादा से ज्यादा तीन दिन में निस्तारण कर दिया जाता है। एमआईएस एक्सपर्ट सोनिया ग्रोवर ने बताया कि स्वच्छ भारत के तहत जिन समस्याओं का निपटारा कराया जाता है, उसका पूरा रिकॉर्ड मेंटेन किया जाता है और केंद्र सरकार को भी इसका ब्योरा भेजा जाता है।
निगम की ओर से दी गई जानकारी में बताया गया कि स्वच्छ भारत के तहत शुक्रवार तक मिलीं सभी शिकायतों का निस्तारण कर दिया गया था। बताया गया कि एक दिन में 15 से 20 शिकायतों का निस्तारण किया जा रहा है। उल्लेखनीय है कि नगर निगम की ओर से चार जनवरी से शुरू हो रहे स्वच्छ भारत सर्वे में ब¨ठडा को नंबर वन शहर बनाने के लिए बीते करीब डेढ़ सप्ताह से शहर की विभिन्न संस्थाओं, स्कूलों-कालेजों और अस्पतालों के संचालकों से बैठक कर उनसे शहर को हरा-भरा और साफ-सुथरा बनाने में सहयोग मांगा जा रहा है और उन्हें सफाई के प्रति जागरूक भी किया जा रहा है।