बादल ने फूंका नगर निगम चुनाव का चुनावी बिगुल
शिरोमणि अकाली दल के अध्यक्ष सुखबीर सिंह बादल ने चुनावी बिगुल बजा दिया है।
जागरण संवाददाता, बठिडा : नगर निगम के शीघ्र होने वाले चुनाव का मंगलवार को शिरोमणि अकाली दल के अध्यक्ष सुखबीर सिंह बादल ने चुनावी बिगुल बजा दिया है। गोनियाना रोड स्थित रेस्टोरेंट के हाल में शहर के शिअद वर्करों की आयोजित सभा को संबोधित करते हुए सुखबीर ने कहा कि कांग्रेस ने अपने चार साल के राज में कुछ नहीं किया है, जो सुविधाएं पूर्व सरकार की ओर से शुरू की गई थी उन्हें भी बंद कर दिया है। शहर का विकास वहीं पर रुक कर रह गया है। जो विकास कार्य हुए हैं वह अकाली-भाजपा सरकार के कार्यकाल के दौरान ही हुए हैं। किसी भी शहर का विकास वहां की नगर निगम या कौंसिल के माध्यम से ही होता है। इसलिए शहर की तरक्की के लिए निगम हाउस पर शिअद की सत्ता बेहद जरूरी है। शिअद वर्करों को निगम की सत्ता पर काबिज होने के लिए पूरे जोर-शोर के साथ डट जाना चाहिए। वार्डों से प्रत्याशियों को टिकटें देने के लिए स्क्रीनिग कमेटी बना दी गई है, जोकि शीघ्र ही अपनी बैठक करेगी। इस दौरान टिकटें फाइनल करके जल्दी ही घोषणा कर दी जाएगी। पिछले समय के दौरान इलाके की सेवा करने वाले कार्यकर्ताओं को ही टिकटें दी जाएंगी।
उन्होंने पुलिस अधिकारियों को चेतावनी देते हुए कहा कि निगम चुनाव के दौरान धक्केशाही करने वालों बख्शा नहीं जाएगा। चूंकि पता चला है कि शिअद में शामिल होने वाले पूर्व पार्षदों के घरों में पुलिस कर्मचारियों को भेज दिया गया है। सुखबीर बादल ने शिअद वर्करों से कहा कि वह पुलिस से बिलकुल न डरें। कई लोगों ने थामा शिअद का दामन
शिअद के इस कार्यक्रम के दौरान कांग्रेस, भाजपा और आम आदमी पार्टी से जुड़े रहे 35 कार्यकर्ताओं ने शिरोमणि अकाली दल का दामन भी थाम। जिन्हें शिअद अध्यक्ष सुखबीर सिंह बादल ने पार्टी का सिरोपा पहनाकर उन्हें पार्टी में शामिल किया और उन्हें विश्वास दिलाया कि उन्हें शिअद में पूरा मान-सम्मान मिलेगा। शिअद में शामिल होने वालों में पूर्व पार्षद बंत सिंह, छिदर कौर, भाजपा नेता दलजीत सिंह रोमाणा सहित अन्य लोग शामिल हैं। इस मौके पर पूर्व मंत्री सिकंदर सिंह मलूका, पूर्व विधायक सरूप चंद सिगला, शिअद शहरी अध्यक्ष राजबिदर सिंह सिद्धू, चमकौर मान, ओम प्रकाश शर्मा आदि भी मौजूद थे।