बठिंडा में घर पर बरसाए पत्थर, तेजधार हथियार से दरवाजा तोड़ने की कोशिश; सीसीटीवी में कैद हुई पूरी वारदात
बठिंडा की धोबियाना बस्ती में पुरानी रंजिश के चलते घर पर पथराव और दरवाजा तोड़ने का प्रयास हुआ। घटना सीसीटीवी ...और पढ़ें
HighLights
बठिंडा में घर पर पथराव, तेजधार हथियार से हमला।
पुरानी रंजिश के चलते हुई वारदात, सीसीटीवी में कैद।
पुलिस जांच जारी, लिखित शिकायत का इंतजार।
जागरण संवाददाता, बठिंडा। बठिंडा के कैंट रोड स्थित धोबियाना बस्ती की गली नंबर दो में शनिवार देर शाम कुछ लोगों ने एक घर पर पथराव कर दिया। आरोप है कि हमलावरों ने तेजधार हथियार से घर के मुख्य दरवाजे पर हमला कर उसे तोड़ने का प्रयास किया। अचानक हुए हमले से परिवार में दहशत फैल गई। पथराव के कारण घर की खिड़कियों के शीशे भी टूट गए।
घटना के दौरान आसपास के लोगों में भी अफरा-तफरी का माहौल बन गया। सरेआम हुई इस पूरी वारदात की तस्वीरें पास के एक घर के बाहर लगे सीसीटीवी कैमरे में कैद हो गईं। घटना का वीडियो रविवार को इंटरनेट मीडिया पर प्रसारित होने के बाद मामला चर्चा में आ गया। फुटेज में कुछ लोग घर की ओर पथराव करते और मुख्य दरवाजे पर हमला करते नजर आ रहे हैं।
यह भी पढ़ें- मृत कर्मचारी की पत्नी ने मांगी पुरानी पेंशन, हाई कोर्ट ने पंजाब सरकार से मुफ्त योजनाओं का ब्योरा किया तलब
कुछ दिन पहले हुआ था विवाद
पुलिस के अनुसार, हमला करने वाले लोग धोबियाना बस्ती के ही रहने वाले बताए जा रहे हैं। बताया गया है कि कुछ दिन पहले पीड़ित परिवार और आरोपित पक्ष के बीच किसी बात को लेकर विवाद हुआ था। इसके बाद से दोनों पक्षों के बीच रंजिश चल रही थी। इसी पुरानी रंजिश के चलते घर पर हमला किए जाने की बात सामने आई है।
हालांकि, पुलिस की ओर से अभी हमले के कारणों और आरोपितों की भूमिका को लेकर आधिकारिक रूप से कोई अंतिम निष्कर्ष नहीं बताया गया है। पुलिस का कहना है कि पीड़ित परिवार की शिकायत और उपलब्ध साक्ष्यों के आधार पर ही आगे की कार्रवाई की जाएगी।
यह भी पढ़ें- पंजाब के सरकारी स्कूलों में अब नहीं दिखेगी गंदगी! सफाई से सुरक्षा तक के लिए मुखी होंगे जिम्मेदार
पुलिस मौके पर पहुंची
सीसीटीवी वीडियो सामने आने के बाद थाना सिविल लाइन के एसएचओ निरीक्षक रविंदर सिंह ने बताया कि वह घटनास्थल पर गए थे और पीड़ित परिवार से बातचीत की थी। परिवार की ओर से उन्हें पुराने विवाद की जानकारी दी गई है।
एसएचओ के अनुसार, पीड़ित परिवार ने अभी तक पुलिस को लिखित शिकायत नहीं दी है। शिकायत मिलने के बाद पूरे मामले की जांच की जाएगी और जो भी व्यक्ति दोषी पाया जाएगा, उसके खिलाफ नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी।
फुटेज पर पुलिस की नजर
फिलहाल इस घटना को लेकर पुलिस ने कोई मामला दर्ज नहीं किया है। पुलिस सीसीटीवी फुटेज और घटना से जुड़े अन्य तथ्यों पर नजर रख रही है। लिखित शिकायत मिलने के बाद पुलिस आरोपितों की पहचान, हमले के कारण और नुकसान का आकलन करते हुए आगे की कार्रवाई करेगी।
घर पर पथराव और दरवाजा तोड़ने के प्रयास की घटना से इलाके में सुरक्षा को लेकर भी चर्चा शुरू हो गई है। अब पुलिस जांच के बाद ही स्पष्ट हो सकेगा कि हमले में कितने लोग शामिल थे और उनके खिलाफ किन धाराओं के तहत कार्रवाई की जाएगी।
