नशा तस्करी के आरोप में सात नामजद, छह गिरफ्तार
अवैध शराब बरामद कर सात लोगों के खिलाफ मामला दर्ज किया है।
जासं, बठिडा : जिला पुलिस ने बीती बुधवार को विभिन्न जगहों से गांजा, नशीली गोलियां व अवैध शराब बरामद कर सात लोगों के खिलाफ मामला दर्ज किया है। इसमें छह लोगों को मौके पर ही गिरफ्तार कर लिया गया, जबकि एक आरोपित फरार होने में सफल रहा।
सीआइए स्टाफ के एसआइ जगरूप सिंह के मुताबिक बीती बुधवार को वह पुलिस टीम के साथ भाई मतिदास नगर अंडरब्रिज के पास गश्त कर रहे थे। अंडरब्रिज के पास चार लोग खड़े हुए थे। पुलिस टीम को शक होने पर जब उन्हें रोककर उनकी तलाशी ली, तो उनके पास से 13 किलो गांजा बरामद हुआ। पुलिस ने मौके से उत्तर प्रदेश के आगरा के रहने वाले अशोक कुमार, तेजपाल सिंह, बठिंडा के बेअंत नगर का रहने वाला पंकज कुमार व बठिडा के नच्छतर नगर का रहने वाले सतीश मंडल को गिरफ्तार किया। पुलिस के मुताबिक आरोपित उत्तर प्रदेश से उक्त गांजा लेकर आए थे और बठिडा के रहने वाले आरोपितों को उसकी सप्लाई देनी थी। पुलिस ने चारों आरोपितों को काबू कर उनसे पूछताछ की जा रही है।
थाना हवलदार रणधीर सिंह ने गश्त के दौरान गांव रामसरा से रामा मंडी के गांव तरखानवाला के रहने वाले आरोपित सुखवीर सिंह व सुखमंदर सिंह को 750 नशीली गोलियां समेत गिरफ्तार कर मामला दर्ज किया गया। इसी तरह थाना सिटी रामपुरा के एएसआइ बलदेव सिंह ने गांव लेहरा धूरकोट में छापेमारी कर 30 लीटर लाहन बरामद की गई, जबकि आरोपित मेवा सिंह पहले फरार हो गया था। पुलिस ने फरार आरोपित मेवा सिंह के खिलाफ केस दर्ज कर लिया है।