पार्षद और उसकी पत्नी को बंदी बनाने का आरोप
पुलिस पार्टी को उस समय लोगों के भारी विरोध का सामना करना पड़ा
संवाद सूत्र, मौड़ मंडी: वार्ड नंबर आठ के पार्षद रघुवीर चंद के बच्चों को लेने आई पुलिस पार्टी को उस समय लोगों के भारी विरोध का सामना करना पड़ा जब पुलिस को देख पार्षद की बुजुर्ग माता अंचलि बेहोश हो गई। भड़के हुए परिवारिक सदस्यों तथा मोहल्ला वासियों ने पुलिस प्रशासन तथा मौड़ के कांग्रेस हलका इंचार्ज के खिलाफ जमकर नारेबाजी की।
पार्षद के परिवारिक मेंबर कोमल व कृष्णा देवी ने कहा कि पंजाब में लोकतंत्र की बात करने वाली कैप्टन सरकार के राज में पार्षद रघुवीर चंद को हलका इंचार्ज ने बंदी बनाकर रखा हुआ है। ऐसा नगर कौंसिल का प्रधान अपने गुट का बनाने के लिए किया गया। जब उनकी पत्नी सुनीता देवी ने इस मामले संबंधी पुलिस को शिकायत की तो उनकी कार्रवाई करने की बजाय उन्हें भी बहला-फुसलाकर उसके पति के पास बंदी बना लिया गया। पार्षद की लड़कियों का रो-रो कर बुरा हाल हो चुका है। सोमवार को सियासी नेताओ को पता चला कि मोहल्ला वासी व उनके बच्चे पुलिस के पास शिकायत करने जा रहे हैं तो पुलिस को उनके घर भेज दिया। इस पर रघुवीर चंद की माता अंचलि घबरा गई और बोहोश हो गई। इस दौरान लोगों ने भारी विरोध किया तो पुलिस वापस चली गई। इस पर लोग बुजुर्ग महिला को थाने लेकर पहुंच गए ताकि प्रदर्शन किया जा सके। बेशक पुलिस सख्ती के साथ उक्त बुजुर्ग महिला को वहां से वापस भेजने में सफल हो गई लेकिन लोगों के विरोध का सामना करना पड़ा।
उधर, थाना मुखी बलविदर सिंह का कहना है कि उन्हें रिपोर्ट मिली थी कि पार्षद के घर के आगे कोई गड़बड़ हो सकती है। इसी कारण पुलिस उनके घर गई थी। उधर, कांग्रेस के हलका इंचार्ज डा. मंजू बंसल ने कहा कि पार्षद रघुवीर चंद को बंदी बनाने की उन्हें क्या जरूरत पड़ी है। किसी भी पार्षद को बंदी नहीं बनाया गया है सभी पार्षद यही पर हैं।