प्रकाश सिंह बादल ने कहा, 84 दंगे में कांग्रेस सरकार ने करवाया था सिखों का कत्लेआम
पूर्व सीएम प्रकाश सिंह बादल ने कहा कि नवंबर 84 में तत्कालीन कांग्रेस सरकार ने ही अपनी प्रजा में शामिल सिखों का बेरहमी से कत्ल करवाया।
जेएनएन, तलवंडी साबो (बठिंडा)। शिरोमणि अकाली दल ने वीरवार को 1984 में हुए सिख कत्लेआम तथा श्री गुरु ग्रंथ साहिब जी की बेअदबी की घटनाओं के दोषियों को सजा देने को लेकर तख्त श्री दमदमा साहिब में अरदास दिवस मनाया। इसमें शिअद के सरपरस्त प्रकाश सिंह बादल और केद्रीय मंत्री हरसिमरत कौर बादल सहित मालवा क्षेत्र के वर्करों ने शिरकत की।
शिअद की ओर से बीते 3 दिनों से कराए गए श्री अखंड पाठ साहिब के भोग डाले गए। इसके उपरांत तख्त श्री दमदमा साहिब में शबद कीर्तन किया गया। तख्त श्री दमदमा साहिब के ग्रंथी भाई गुरजंट सिंह ने नवंबर 84 में हुए कत्लेआम में मारे गए सिखों की आत्मिक शांति के लिए अरदास की। इस दौरान जत्थेदार सिंह साहिब ज्ञानी हरप्रीत सिंह ने 84 के कत्लेआम को साजिश करार देते हुए कौम को धार्मिक, राजनीतिक तथा आर्थिक तौर पर मजबूत होने का संदेश दिया।
समागम के उपरांत पूर्व सीएम प्रकाश सिंह बादल ने कहा कि नवंबर 84 में तत्कालीन कांग्रेस सरकार ने ही अपनी प्रजा में शामिल सिखों का बेरहमी से कत्ल करवाया। इसी कारण शिअद द्वारा सभी तख्त साहिबानों पर 84 कत्लेआम के दोषियों को सजा देने तथा बेअदबी की घटनाओं के दोषियों को सजा देने के संबंध में अरदास की गई है।
वहीं बठिंडा में केंद्रीय मंत्री हरसिमरत बादल ने कहा कि 1984 में पहली बार हुआ था कि लोगों की सुरक्षा करने वाली सरकार ने ही लोगों का कत्ल करवाया हो। मौके पर पूर्व मंत्री सिकंदर सिंह मलूका, जन्मेजा सिंह सेखों, परङ्क्षमदर सिंह ढींढसा, राज्य सभा सदस्य बलविंदर सिंह भूंदड़, बलराज सिंह भूंदड़, रोजी बरकंदी, बलकार सिंह रोड़ी, जगदीप सिंह नकई, मनतार बराड़, हरप्रीत कोट भाई, दर्शन कोटफत्ता, बलवंत राय नाथ आदि उपस्थित थे।