विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

झोटा हत्याकांड: मानसा में CBI ने फिर शुरू की जांच, आरोपी की दुकान गिराने के मामले में 1200 लोगों केस दर्ज

Published: Thu, 05 Nov 2026 10:29 AM (IST)

सीबीआई ने मानसा में परविंदर सिंह झोटा हत्याकांड की जांच फिर से शुरू की, आरोपी के मेडिकल स्टोर का मलबा हटाकर सुराग जुटाए।

झोटा हत्याकांड: दुकान गिराने के मामले में 1200 अज्ञात लोगों के खिलाफ केस दर्ज।

झोटा हत्याकांड: दुकान गिराने के मामले में 1200 अज्ञात लोगों के खिलाफ केस दर्ज।

HighLights

  1. CBI ने मानसा में झोटा हत्याकांड की जांच फिर से शुरू की।

  2. आरोपी अश्विनी कुमार की दुकान का मलबा हटाया गया सुरागों हेतु।

  3. दुकान गिराने पर 1200 अज्ञात लोगों के खिलाफ मामला दर्ज।

संवाद सहयोगी, मानसा। एंटी-ड्रग टास्क फोर्स के नेता परविंदर सिंह झोटा की हत्या की जांच कर रही सीबीआइ बुधवार को 15 दिन बाद फिर शहर पहुंची। स्थानीय प्रशासन की मदद से टीम ने आरोपित मेडिकल स्टोर मालिक अश्विनी कुमार की दुकान का मलबा अपनी निगरानी में उठवाया, ताकि मामले से जुड़े सुराग जुटाए जा सकें।

चंडीगढ़ से आई फोरेंसिक टीम के अधिकारी भी जांच में मौजूद रहे। डीएसपी गुरप्रताप सिंह के नेतृत्व में पुलिस बल और कई थाना प्रभारी तैनात किए गए। जांच में बाधा न आए, इसके लिए रेलवे फाटक से बस स्टैंड की ओर जाने वाला यातायात बंद कराया गया।

सुबह करीब 10 बजे पहुंची सीबीआई टीम ने जेसीबी और ट्रैक्टर-ट्रॉली से दुकान के अंदर का मलबा उठवाया। मलबे से छेड़छाड़ रोकने के लिए सीसीटीवी कैमरे लगाने के निर्देश दिए गए।

मलबा एसडीएम कार्यालय के पास सुरक्षित रखवाया गया। देर शाम तक जांच जारी थी। सूत्रों के अनुसार, दुकान से की गई पहली फायरिंग से जुड़ा सुराग सीबीआई को पहले नहीं मिला था। इसी कारण टीम दोबारा सबूत जुटा रही है।

उधर, थाना सिटी-2 में अश्विनी कुमार की दुकान गिराने के मामले में 1200 अज्ञात लोगों के खिलाफ केस दर्ज किया गया है। शिकायत के मुताबिक, कुछ अज्ञात लोग जेसीबी से दुकान गिरा रहे थे। उनकी पहचान की जाएगी। जांच में प्रशासन की मदद के लिए एसडीएम बलजीत कौर की निगरानी में कमेटी बनाई गई है।

नगर कौंसिल के कार्यकारी अधिकारी को नोडल अधिकारी और तहसीलदार को ड्यूटी मजिस्ट्रेट नियुक्त किया गया है। कमेटी में डीएसपी, पीडब्ल्यूडी के कार्यकारी अभियंता, पंजाब पावरकाम के एक्सईएन, फोरेंसिक जांच लैब रोटरी के प्रभारी, बीडीपीओ और नगर कौंसिल के जूनियर इंजीनियर शामिल हैं। मौके पर पहुंचे परविंदर सिंह झोटा के पिता भीम सिंह ने पुलिस प्रशासन के प्रति नाराजगी जताई।

उन्होंने कहा कि नशे के खिलाफ लड़ाई लड़ते हुए उनका जवान बेटा दुनिया से चला गया। उनके मुताबिक, पुलिस उस दिन सतर्क होती तो उनका बेटा आज जीवित होता। उन्होंने कहा कि वह मानसा पुलिस की कार्रवाई से संतुष्ट नहीं हैं और केंद्र सरकार से कार्रवाई तथा जांच की मांग करेंगे।

देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score , IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।