पूर्व पार्षद ने सब्जी विक्रेताओं को साथ लेकर नगर निगम पर निकाली भड़ास
परसराम नगर के आसपास इलाकों में सब्जी व फल बेचने वाले लोगों को ट्रैफिक में बाधा बताकर हटाने के विरोध में बुधवार को पूर्व पार्षद विजय कुमार शर्मा ने सब्जी विक्रेताओं के साथ प्रदर्शन किया।
जासं, बठिडा :
परसराम नगर के आसपास इलाकों में सब्जी व फल बेचने वाले लोगों को ट्रैफिक में बाधा बताकर हटाने के विरोध में बुधवार को पूर्व पार्षद विजय कुमार शर्मा ने सब्जी विक्रेताओं को साथ लेकर नगर निगम बठिडा के खिलाफ रोष प्रदर्शन किया। इस दौरान उनके साथ सैकड़ों सब्जी विक्रेता भी विरोध प्रदर्शन में शामिल हुए। सब्जी की रेहड़ी लेकर शहर में चक्कर लगाकर नगर निगम के खिलाफ नारेबाजी की और सब्जियों को सड़क पर फेंककर अपना विरोध जताया। पूर्व पार्षद विजय शर्मा ने कहा कि परसराम नगर व आसपास के इलाकों में सैकड़ों लोग सब्जी व फलों की रेहड़ी लगाकर अपना गुजारा कर रहे थे। इस दौरान नगर निगम ने ही उक्त लोगों को पुल के एक तरफ जगह अलाट की थी। अब कुछ कांग्रेसी नेताओं को खुश करने के लिए नगर निगम के अधिकारी गरीबों को परेशान कर रहे हैं। उन्होंने चेतावनी दी कि अगर नगर निगम अधिकारियों ने रेहड़ी चालकों को उनके स्थान पर बहाल नहीं किया व उन्हें परेशान करना बंद नहीं किया तो वह अनिश्चितकाल के लिए नगर निगम दफ्तर का घेराव करने पर मजबूर होंगे। रेहड़ी चालक राजू, जसबीर, कमल, गोबिद ने कहा कि कोरोना वायरस के कारण जहां पिछले दो माह से वह रोजी रोटी के लिए मोहताज रहे, वहीं अब लॉकडाउन खुलने के बाद नगर निगम उन्हें परेशान कर रहा है।