किसानों ने धरने के अंतिम दिन डीसी को सौंपा मांग पत्र
बठिडा में शुरू किए गए तीन दिवसीय धरने के अंतिम दिन डीसी बठिडा को मांग पत्र दिया गया।
जागरण संवाददाता, बठिडा : धान की पराली को जलाने पर किसानों पर दर्ज किए केसों को रद करवाने के अलावा अन्य मांगों को लेकर भारतीय किसान यूनियन उगराहां की ओर से बठिडा में शुरू किए गए तीन दिवसीय धरने के अंतिम दिन डीसी बठिडा को मांग पत्र दिया गया। किसानों ने तीसरे दिन भी मुख्य सड़क पर जाम लगाया। किसान नेताओं ने प्रशासन द्वारा रेड लाइन की गई जमीनों को सही करने, किसानों पर दर्ज किए केस रद करने, किसानों को पराली न जलाने पर मुआवजा देने, किसानों को जमीनों के मालकी हक देने, किसानों के कर्ज माफ करने की मांग को लेकर संघर्ष किया जा रहा है।
किसान यूनियन के जिला प्रधान शिगारा सिंह मान ने बताया कि धान के सीजन के समय सरकार की ओर से पराली का सही हल न होने के कारण मजबूर होकर किसानों ने पराली को आग लगाई थी। इस पर सरकार ने किसानों के खिलाफ मुकदमे दर्ज किए थे। किसान नेताओं ने कहा कि कई किसानों को गिरफ्तार भी किया गया था। उन्होंने कहा कि किसानों पर दर्ज किए गए केस रद करवाने के लिए भारतीय किसान यूनियन उगराहां की ओर से पंजाब भर में डीसी दफ्तरों का घेराव किया जा रहा है। यहां जिला सीनियर उप प्रधान मोठू सिंह कोटड़ा, महासचिव हरजिदर सिंह बग्गी, महिला जत्थेबंदी की प्रधान हरिदर कौर बिदू, जगदेव सिंह, जगदीश सिंह, दर्शन सिंह आदि उपस्थित थे।