बठिंडा में आंंगन में सो रहे किसान की हत्या, न्यूजीलैंड गए हैं माता-पिता, बच्चे भी विदेश में
बठिंडा में अपने ननिहाल में मिली जमीन देखने आए किसान की तेजधार हथियारों से हत्या कर दी गई। किसान के बच्चे विदेश में रहते हैं जबकि मां-बाप भी न्यूजीलैंड गए हैं।
जेएनएन, बठिंडा। जिले के गांव पूहला में रविवार देर रात को अज्ञात लोगों ने अपने घर के आंगन में सो रहे एक किसान पर तेजधार हथियारों से हमलाकर उसकी बेहरमी से हत्या कर दी। अज्ञात हमलावारों ने मृतक के चेहरे के अलावा उसका गुप्त अंग पर भी तेजधार हथियारों से वार किए गए हैंं। हत्या करने की रंजिश का पता नहीं चल सका है। घटना की सूचना मिलने पर थाना नथाना पुलिस ने घटनास्थल का जायजा लेने के बाद लाश को सहारा जनसेवा के कार्यकर्ताओं की मदद से पोस्टमार्टम के लिए सिविल अस्पताल बठिंडा पहुंचाया गया। वहीं पुलिस ने मृतक के भाई के बयानों पर अज्ञात लोगों पर हत्या का मामला दर्ज कर दिया है।
थाना नथाना के एसआइ तरूणदीप सिंह ने बताया कि पुलिस को सूचना मिली कि गांव पूहला में अपने ननिहाल आए हरजीत सिंह निवासी मोगा की रविवार देर रात को किसी अज्ञात लोगों ने सोते हुए तेजधार हथियारों से हमला कर हत्या कर दी गई है। मृतक के बड़े भाई शरणदीप सिंह ने बताया कि गांव पूहला में उसके भाई की करीब बीस एकड़ जमीन है, जिस पर वह खेतीबाड़ी करता था। हर पंद्रह- बीस दिन वह गांव पूहला आता था।
हरजीत सिंह दो दिन पहले ही वह गांव पूहला आया था। रविवार रात को वह अपने नानके घर के आंगन में अकेले सोया हुआ था। इस दाैरान अज्ञात लोगों ने घर में घुसे और सोते हुए पर किसी तेजधार हथियार से वारकर उसकी हत्या कर दी। हमलावारों ने उसका चेहरा व गुप्त अंग पर बेहरमी से वार किए, जिसके कारण उसकी मौके पर मौत हो गई थी।
घटना का पता सोमवार सुबह पता चला, जब उनके घर वाले उसे चाय देने के लिए पहुंचे और देखा कि हरजीत सिंह का शव रक्त से लथपथ पड़ा हुआ था। जिसके बाद मामले की जानकारी पुलिस को दी गई। मृतक के मामा के बेटे इकबाल सिंह उर्फ कुक्कू ने बताया कि हरजीत सिंह के माता-पिता न्यूजीलैंड गए हुए हैं, जबकि वह अपने पीछे पत्नी एक लड़का और दो लड़कियां छोड़ गया है।
हरजीत सिंह के बच्चे कनाडा में रहते हैं, जबकि उसके दो भाई गांव पूहला में रहते हैंं। मृतक हरजीत सिंह की किसी के साथ कोई दुश्मनी नहीं थी। थाना नथाना के प्रभारी तरूणदीप सिंह ने बताया कि फिलहाल अज्ञात लोगों पर हत्या का मामला दर्ज कर लिया गया है। हत्या करने के सही कारणों का पता नहीं चल सका है। पुलिस हर पहलू पर जांच कर रही है, जल्द ही हत्यारों को पकड़ लिया जाएगा।