विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

बठिंडा में आरोपी महिला नशा तस्कर पर कार्रवाई, बुलडोजर से ढहाई अवैध इमारत, पुलिस ने जारी किया सख्त संदेश

Published: Mon, 27 Jul 2026 04:03 PM (GMT+05:30)

बठिंडा में नशा तस्करी के आरोपित की अवैध इमारत पर बुलडोजर चलाया गया। पुलिस ने बताया कि अब तक 19 अवैध निर्माण ध्वस्त किए जा चुके हैं।

बठिंडा में  बुल्डोजर से घर गिराते हुए प्रशासन।

बठिंडा में बुल्डोजर से घर गिराते हुए प्रशासन।

HighLights

  1. बठिंडा में महिला नशा तस्कर की अवैध इमारत ढहाई गई।

  2. पंजाब सरकार के 'युद्ध नशों के विरुद्ध' अभियान के तहत कार्रवाई।

  3. पुलिस ने अब तक 19 अवैध निर्माणों को ध्वस्त किया है।

जागरण संवाददाता, बठिंडा। पंजाब सरकार के 'युद्ध नशों के विरुद्ध' अभियान के तहत बठिंडा में नशा तस्करों के खिलाफ कार्रवाई लगातार तेज की जा रही है। इसी अभियान के तहत सोमवार को जिला प्रशासन और पुलिस ने संयुक्त कार्रवाई करते हुए धोबियाना बस्ती के प्रीत नगर क्षेत्र में नशा तस्करी के मामलों में आरोपित एक महिला की अवैध रूप से निर्मित इमारत पर बुलडोजर चलाकर उसे ध्वस्त कर दिया।

प्रशासन की इस कार्रवाई को नशा तस्करों के खिलाफ सख्त संदेश के रूप में देखा जा रहा है। पुलिस के अनुसार, मनजीत कौर उर्फ बीरा, पत्नी चरणजीत सिंह, निवासी धोबियाना बस्ती प्रीत नगर पर पहले से ही मादक पदार्थ निरोधक कानून के तहत 10 मामले दर्ज हैं। आरोप है कि उसने संबंधित इमारत का निर्माण अवैध रूप से कराया था।

इस संबंध में सक्षम प्राधिकारी, उपायुक्त-सह-जिलाधीश की ओर से कार्रवाई के दौरान सुरक्षा व्यवस्था सुनिश्चित करने के निर्देश जारी किए गए थे। इसके बाद सिविल प्रशासन ने पुलिस की मौजूदगी में बुलडोजर चलाकर अवैध निर्माण को गिरा दिया।

यह भी पढ़ें- गुरदासपुर में 40 हजार के लेनदेन को लेकर भांजे को जहर देकर उतारा मौत के घाट, आरोपियों की तलाश में जुटी पंजाब पुलिस

अभी तक 19 अवैध निर्माण गिराए

नगर पुलिस अधीक्षक नरिंदर सिंह ने बताया कि संबंधित महिला को कई बार नोटिस जारी कर निर्माण हटाने और जगह खाली करने के निर्देश दिए गए थे। इसके बावजूद जब उसने प्रशासन के आदेशों का पालन नहीं किया तो नियमानुसार बुलडोजर कार्रवाई की गई।

उन्होंने बताया कि बठिंडा पुलिस के सहयोग से सिविल प्रशासन अब तक नशा तस्करी से जुड़े आरोपितों की 19 अवैध इमारतों को ध्वस्त कर चुका है। उन्होंने कहा कि नशे के अवैध कारोबार में शामिल लोगों के खिलाफ आगे भी इसी तरह सख्त कार्रवाई जारी रहेगी।\

यह भी पढ़ें- पंजाब में रोजगार क्रांति, आंगनबाड़ी वर्करों को मिले नियुक्ति पत्र; मान सरकार का बड़ा कदम

28 सौ से अधिक मामले दर्ज

पुलिस के अनुसार, एक मार्च 2025 से अब तक जिले में मादक पदार्थ निरोधक कानून के तहत 2,881 मामले दर्ज किए गए हैं। इस दौरान 4,161 आरोपितों को गिरफ्तार किया गया, जिनमें 105 बड़े नशा तस्कर भी शामिल हैं। इसके अलावा वर्ष 2023 से अब तक नशा तस्करी से जुड़े 90 आरोपितों की लगभग 14.70 करोड़ रुपये मूल्य की संपत्तियां फ्रीज करवाई जा चुकी हैं।

पुलिस अधिकारियों ने कहा कि नशे के खिलाफ अभियान केवल प्रशासन की कार्रवाई तक सीमित नहीं है, बल्कि इसमें आम जनता की भागीदारी भी बेहद जरूरी है। लोगों से अपील की गई है कि यदि उनके क्षेत्र में नशा तस्करी, नशीले पदार्थों की बिक्री या किसी भी प्रकार की संदिग्ध गतिविधि की जानकारी हो तो तुरंत पुलिस को सूचित करें।

नशे की सूचना देने के लिए हेल्पलाइन

  • पंजाब सरकार एंटी ड्रग हेल्पलाइन: 97791-00200
  • बठिंडा पुलिस एंटी ड्रग हेल्पलाइन: 91155-02252

पुलिस ने भरोसा दिलाया है कि सूचना देने वाले व्यक्ति की पहचान पूरी तरह गोपनीय रखी जाएगी। अधिकारियों ने कहा कि नशा मुक्त पंजाब बनाने के लिए आम लोगों का सहयोग सबसे महत्वपूर्ण है और सूचना देने वालों की सुरक्षा तथा गोपनीयता का पूरा ध्यान रखा जाएगा।

यह भी पढ़ें- पुरानी पेंशन योजना के दायरे में आएंगे कई कर्मचारी, कच्चे कार्यकाल की सेवा भी पेंशन के लिए मान्य; HC का ऐतिहासिक फैसला