बाजार में भाई ने बहन और पुत्रवधु ने सास को पीटा
हंस नगर के निवासी एक व्यक्ति ने शनिवार की दोपहर को कपड़ा मार्केट में अपनी बहन की सरेआम पिटाई की।
जागरण संवाददाता, ब¨ठडा : हंस नगर के निवासी एक व्यक्ति ने शनिवार की दोपहर को कपड़ा मार्केट में अपनी बहन की सरेआम पिटाई की। जबकि इसी दौरान उसके साथ उसकी पत्नी ने अपनी सास की पिटाई की। जायदाद के विवाद को लेकर यह हंगामा काफी देर तक होता रहा। दोनों की पिटाई के बाद दंपती फरार हो गया। थाना कोतवाली पुलिस ने पीड़ित मां-बेटी के बयान दर्ज कर कार्रवाई शुरू कर दी है।
घटना दोपहर करीब दो बजे की है। प्रताप नगर निवासी महिला के अनुसार वह अपनी मां के साथ स्कूटी पर कपड़ा मार्केट में अपने पिता की दुकान पर जा रही थी। इस दौरान एक सेंट्रो कार ने उनकी स्कूटी को टक्कर मारी। वह दोनों स्कूटी से गिर गईं। कार में देखा तो उसका बड़ा भाई और उसकी पत्नी थीं। कार से उतरकर उसके भाई ने उसकी बुरी तरह से पिटाई करनी शुरू कर दी। जबकि भाभी ने उसकी मां को पीटना शुरू कर दिया। इस दौरान भाभी ने उसकी मां का पर्स भी छीन लिया। काफी देर तक पिटाई करने के बाद दोनों फरार हो गए। पीड़ित महिला के अनुसार उसके परिवार की ओर से उसके भाई व भाभी को बेदखल किया हुआ है। पिछले करीब 12 सालों से वह जायदाद को लेकर उनसे विवाद कर रहा है। लेकिन उसके माता-पिता उसे कोई जायदाद नहीं देना चाहते। इसी बात को लेकर उन्होंने आज उन पर हमला बोला और उनकी बुरी तरह से पिटाई की। उसका भाई पहले भी उनके साथ मारपीट कर चुका है। जिसका उसके खिलाफ पर्चा भी दर्ज है। महिला के अनुसार उसने पुलिस के उच्चाधिकारियों को बताने के अलावा थाना कोतवाली में अपने बयान दर्ज करवा दिए हैं। लेकिन देर शाम तक कोई पर्चा दर्ज नहीं हुआ था। उसने आशंका व्यक्त करते हुए कहा कि पुलिस इस मामले में पर्चा दर्ज करने में कोई दिलचस्पी नहीं दिखा रही है।
उधर, थाना कोतवाली के एएसआई और इस मामले के जांच अधिकारी राजीव कुमार ने बताया कि महिला के बयान दर्ज कर लिए गए हैं। अगली कार्रवाई की जा रही है।