झोटा हत्याकांड में दूसरे दिन CBI का बड़ा एक्शन, परिजनों से पूछताछ के बाद मेडिकल संचालकों के घर 4 घंटे रेड
सीबीआई ने एंटी ड्रग टास्क फोर्स नेता परविंदर सिंह झोटा हत्याकांड में अपनी जांच तेज कर दी है, जिसमें परिवार ...और पढ़ें

पंजाब: सीबीआई ने दूसरी बार परविंदर झोटा के पारिवारिक सदस्यों से सबूत जुटाए
HighLights
सीबीआई ने परविंदर झोटा के परिवार से की पूछताछ।
नशा सप्लायर मेडिकल स्टोर मालिकों के घरों पर छापेमारी।
अश्विनी कुमार और विपिन गर्ग से हुई लंबी पूछताछ।
संवाद सहयोगी, मानसा। संवाद सहयोगी, जागरण l मानसा: एंटी ड्रग टास्क फोर्स नेता परविंदर सिंह झोटा की हत्या मामले में सीबीआई ने जांच का दायरा बढ़ाते जांच तेज कर दी है।
वीरवार को दूसरे दिन सीबीआई अधिकारियों की ओर से सुबह 10 बजे के करीब परविंदर सिंह झोटा के पिता भीम सिंह, पत्नी मनप्रीत कौर और माता अमरजीत कौर के साथ मंडीबोर्ड के रेस्ट हाउस में करीब डेढ़ घंटे तक बातचीत की गई।
इस दौरान सीबीआई की ओर से झोटा के पिता भीम सिंह से झोटा पर पहले से दर्ज एफआइआर की डिटेल के अलावा झोटा की ओर से कथित नशा सप्लाई करने वाले मेडिकल स्टोर की लिस्ट भी तैयार की गई।
संभावना जताई जा रही है कि नशे की सप्लाई के इस नेटवर्क में शहर के और मेडिकल स्टोर मालिक भी शामिल किए जा सकते हैं। प्रशासन की कुछ मेडिकल स्टोरों को सील करने की कार्रवाई के बाद से कुछ मेडिकल संचालक भूमिगत हो गए है।
इसके बाद सीबीआई टीम 11:30 बजे के करीब शहर के मोहल्ला वीर नगर स्थित मेडिकल स्टोर मालिक अश्विनी कुमार और उसके चचेरे भाई विपिन गर्ग के घर छापेमारी करने के लिए पहुंची। इस दौरान वीर नगर मोहल्ले को दोनों ओर से पुलिस की ओर से बैरिकेडिंग कर दिया गया और किसी को भी इस रास्ते पर जाने की इजाजत नहीं दी गई।
जांच के दौरान सीबीआई टीम की ओर से विपिन के चाचा और वार्ड पार्षद को बतौर गवाह साथ ले जाया गया। बता दें कि अश्विनी कुमार के घर को घेरने के बाद से उसका घर बंद पड़ा था। जांच के दौरान थाना सिटी-1 इंचार्ज समेत पुलिस पार्टी भी मौके पर मौजूद थी। करीब चार घंटे तक सीबीआई की टीम की ओर से दोनों के घरों में लंबी पूछताछ के अलावा वहां से सबूत भी एकत्र किए गए।
बताया जा रहा है कि अश्विनी के माता पिता भी इस वारदात के बाद घर से चले गए थे। इस मामले में अश्विनी की मदद करने के लिए नामजद किए गए विपिन गर्ग के पारिवारिक सदस्यों से भी सीबीआई की ओर से लंबी पूछताछ की गई।
सीबीआई की ओर से दोनों जगह पर की गई छापेमारी के दौरान क्या बरामद हुआ, इसे लेकर सीबीआई टीम के अधिकारियों की ओर से कोई आधिकारिक जानकारी देने से इनकार कर दिया गया।
