बठिंडा में बेसहारा पशु से बाइक टकराई, एक की मौत और दूसरा घायल
बुढलाडा में नेशनल हाईवे 148 बी पर बेसहारा पशु से बाइक टकराने पर राहुल सिंह की मौत हो गई और उनके दोस्त जगतार सिंह घायल हो गए। यह एक सप्ताह के भीतर बेसहारा पशुओं से हुई दूसरी घातक दुर्घटना है।
-1795458158474_m.webp)
बेसहारा पशु से बाइक भिड़ी, सवार की मौत।
HighLights
बुढलाडा में बेसहारा पशु से बाइक टकराने पर राहुल सिंह की मौत।
नेशनल हाईवे 148 बी पर दोस्त जगतार सिंह गंभीर रूप से घायल।
एक सप्ताह में आवारा पशुओं से यह दूसरी घातक दुर्घटना है।
संवाद सूत्र, बुढलाडा। नेशनल हाईवे 148 बी पर रविवार देर रात बेसहारा पशु से बाइक टकराने पर राहुल सिंह की मौत हो गई, जबकि उनका दोस्त जगतार सिंह घायल हो गया। एक सप्ताह के भीतर बेसहारा पशुओं की चपेट में आने से मौत का यह दूसरा मामला है।
गांव दातेवास निवासी राहुल सिंह अपने दोस्त जगतार सिंह के साथ बाइक से बुढलाडा से गांव लौट रहे थे। प्रीत पैलेस के पास उनकी बाइक आवारा पशु से टकरा गई। हादसे में दोनों युवक घायल हो गए।
राहगीरों ने उन्हें सिविल अस्पताल पहुंचाया, जहां डॉक्टरों ने राहुल सिंह को मृत घोषित कर दिया। जगतार सिंह का अस्पताल में इलाज जारी है। सदर थाना प्रभारी मेला सिंह ने बताया कि मृतक के परिजनों के बयान पर बीएनएस की धारा 194 के तहत कार्रवाई की गई है।
पोस्टमार्टम के बाद शव स्वजनों को सौंप दिया गया। इससे पहले पिछले वीरवार को नेशनल हाईवे पर गांव रल्ली स्थित कृष्णा कालेज के पास बेसहारा पशुओं की चपेट में आने से बुढलाडा निवासी सतगुर सिंह की मौत हो गई थी।