टोल प्लाजा पर हंगामा, आधा घंटा लगा जाम
देश के सभी टोल प्लाजा पर फास्टैग अनिवार्य कर देने के बाद हर रोज टोल प्लाजा पर लोगों झगड़े हो रहे हैं।
जागरण संवाददाता, बठिडा : केंद्र सरकार की ओर से देश के सभी टोल प्लाजा पर फास्टैग अनिवार्य कर देने के बाद हर रोज टोल प्लाजा पर लोगों झगड़े हो रहे हैं। इस समय बठिंडा-चंडीगढ़ रोड स्थित गांव लहरा बेगा के टोल प्लाजा पर हर रोज एवरेज 10 हजार वाहन निकलते हैं, लेकिन इसमें से सिर्फ 50 फीसद वाहनों पर ही फास्टैग लगे होते हैं। इसके कारण जब कई वाहन चालक जल्दबाजी में फास्टैग वाली लेन से गुजरने की कोशिश करते हैं तो उनसे डबल टोल वसूला जाता है। इसी कारण अक्सर टोल प्लाजा के मुलाजिमों चालकों में बहस होती रहती है। इसी के चलते शुक्रवार को गांव लहरा बेगा के टोल प्लाजा बस चालक के साथ टोल प्लाजा के मुलाजिमों बहस हो गई।
एक प्राइवेट कंपनी की बस लुधियाना से बठिडा आ रही थी, जब वह गांव लहरा बेगा के टोल प्लाजा से गुजरने लगी तो टोल प्लाजा के मुलाजिम ने उससे 200 रुपये टोल मांगा और बस चालक 100 रुपये टोल देने पर अड़ा रहा। इसी कारण दोनों में काफी विवाद हो गया और वहां पर आधे घंटे तक जाम लगा रहा। जिसके कारण रोड पर वाहनों की लंबी लाइनें लग गई।
टोल प्लाजा के मैनेजर रविंदर कुमार ने बताया कि एनएचएआइ की गाइड्लाइन के अनुसार 15 जनवरी से गैस पर मिलने वाले सभी बेनिफिट बंद हो गए हैं। अगर किसी ने कोई बेनेफिट लेना है तो उसको फास्टैग के जरिए ही बेनिफिट मिलेगा, नहीं तो उसको टोल टैक्स डबल टोन देना पड़ेगा। यहां तक कि इसमें उनका कोई हाथ नहीं है। वह तो सरकारी गाइडलाइन के अनुसार ही काम कर रहे हैं।