विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

बठिंडा में सड़क हादसों का कहर, महिला की मौत और युवक घायल

Published: Mon, 03 Aug 2026 10:31 PM (IST)

बठिंडा में दो अलग-अलग सड़क हादसों में एक 52 वर्षीय महिला की मौत हो गई और एक एक्टिवा सवार घायल ...और पढ़ें

बठिंडा में सड़क हादसों का कहर। फाइल फोटो

बठिंडा में सड़क हादसों का कहर। फाइल फोटो

HighLights

  1. बठिंडा में दो अलग-अलग सड़क दुर्घटनाएं हुईं।

  2. एक हादसे में 52 वर्षीय महिला की मौके पर मौत।

  3. पुलिस ने दोनों मामलों में वाहन चालकों पर केस दर्ज किया।

जागारण संवाददाता, बठिंडा। जिले में दो अलग-अलग सड़क हादसों के मामले में पुलिस ने वाहन चालकों के खिलाफ केस दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। एक हादसे में 52 वर्षीय महिला की मौत हो गई, जबकि दूसरे मामले में एक्टिवा सवार युवक घायल हो गया।

थाना सदर रामपुरा पुलिस के अनुसार, गांव जिउंद के पास हुए हादसे में हरप्रीत सिंह की शिकायत पर कार चालक अर्पित निवासी बठिंडा और एंबुलेंस चालक जसविंदर सिंह निवासी बठिंडा के खिलाफ मामला दर्ज किया गया है।

शिकायतकर्ता ने बताया कि दो अगस्त को उसके माता-पिता बलविंदर सिंह और रानी कौर मोटरसाइकिल पर सवार होकर जा रहे थे। गांव जियोद के निकट पहुंचने पर एक कार ने कथित रूप से लापरवाही से वाहन चलाते हुए उनके मोटरसाइकिल को टक्कर मार दी।

टक्कर लगने से दोनों सड़क पर गिर गए। आरोप है कि इसी दौरान वहां से गुजर रही एक एंबुलेंस रानी कौर के ऊपर से गुजर गई, जिससे उनकी मौके पर ही मौत हो गई। बलविंदर सिंह भी घायल हो गए। मामले की जांच कर रहे एएसआइ दर्शन सिंह ने बताया कि शिकायत के आधार पर दोनों वाहन चालकों के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया गया है। फिलहाल किसी आरोपित की गिरफ्तारी नहीं हुई है।

दूसरी ओर, थाना कोतवाली पुलिस ने एक्टिवा को टक्कर मारकर घायल करने के आरोप में कार चालक के खिलाफ केस दर्ज किया है। शिकायतकर्ता कुनाल गर्ग ने बताया कि कार ने उसकी एक्टिवा को टक्कर मार दी, जिससे वह घायल हो गया। जांच अधिकारी सब इंस्पेक्टर रोबनप्रीत सिंह ने बताया कि आरोपित चालक के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया गया है।