गर्मी से हुआ हाल बेहाल, आसमान उगल रहा आग
जहां सरकार ने कुछ राहत दी है जिसके चलते बाजार सुबह सात बजे से शाम सात बजे तक खुलने लगे हैं।
संस, रामामंडी : लॉकडाउन 04 के बाद जहां सरकार ने कुछ राहत दी है जिसके चलते बाजार सुबह सात बजे से शाम सात बजे तक खुलने लगे हैं वहीं गर्मी से लोगों को कोई राहत नहीं मिल रही। सुबह सूरज निकलने के बाद जैसे-जैसे दिन बढ़ता गया तापमान बढ़ता गया। सुबह 9 बजे से आसमान से बरसती आग और लू के थपेड़ों से लोगों का घरों से निकलना मुश्किल हो गया। लॉकडाउन में मिली छूट के बाद बाजार तो खुले मगर सड़कों पर सन्नाटा पसरा हुआ है। दोपहर में यहां लॉकडाउन जैसा नजारा दिखा। शहर में अधिकतम तापमान 45 डिग्री और न्यूनतम 28 डिग्री तक रहा ।
गर्मी का असर दिन प्रतिदिन बढ़ता जा रहा है। सूरज की तेज किरणों के साथ गर्म हवाएं लोगों को झुलसाने लगी है। पिछले एक सप्ताह से पारा लगातार चढ़ा हुआ है और अधिकतम तापमान 42 से 43 डिग्री रह रहा है। रविवार को अधिकतम तापमान 44 डिग्री और न्यूनतम तापमान 27 डिग्री रहा। वहीं सोमवार और मंगलवार की सुबह आठ बजे ही सूर्य की किरणें तीखी हो गई। दस बजते बजते तापमान 45 डिग्री पहुंच गया। वहीं दिन भर 16 किमी की रफ्तार से लू चली। लू के थपेड़े घर से बाहर निकलने वालों को मानों झुलसा रही थी। कोविड-19 की वजह से देश में लॉकडाउन हैं कुछ शर्तों के साथ दुकानें खुल रही है। लेकिन दोपहर होते-होते बाजारों में सन्नाटा पसरने लगता है। बाजार में शरबत, ठंडा, लस्सी, जूस आदि की दुकानों पर भी भीड़ नहीं सज रही है। वहीं इस बारे भाकियू लक्खोवाल के शहरी प्रधान सुनील कुमार काका ने कहा कि जिला प्रशासन दुकानों के खुलने के समय में बदलाव कर सुबह सात बजे से 11 बजे तथा शाम पांच बजे से रात आठ बजे तक समय निर्धारित करें इससे लोगों को भी गर्मी से राहत मिलेगी।
गर्मी बढ़ते ही बाजार में इलेक्ट्रानिक आइटमों की डिमांड बढ़ गई है। बाजार में कूलर, पंखा, एसी, फ्रीज की डिमांड तेज है। इलेक्ट्रोनिक्स सामान के विक्रेता मनोज कुमार सींगों ने बताया कि वर्तमान में सबसे अधिक डिमांड कूलर की हो रही है। बाजार में पांच से दस हजार रुपये तक की कीमत के कूलर उपलब्ध है। वहीं एसी बीस से 50 और पंखे एक हजार रुपये की कीमत में उपलब्ध है। ज्यादा मसालेदार भोजन से
परहेज करें : डॉ. दर्शन कौर सिविल अस्पताल रामा में तैनात एसएमओ डॉ. दर्शन कौर ने कहा कि बढ़ती गर्मी को देखते हुए लोग अपने घरों में रहें। सिर्फ जरूरी काम के लिए ही घर से निकलें। उन्होंने कहा कि इस मौसम में सूती कपड़े पहने। सादा पानी, नींबू पानी का अधिक सेवन करें। ज्यादा मसालेदार तथा तले हुए भोजन से परहेज करें।