जिले की मंडियों में फसल की आमद कम
किसान कृषि सुधार कानून को रद करवाने के लिए सड़कों पर संघर्ष कर रहे हैं।
अमनदीप राठौड़, बरनाला : किसान कृषि सुधार कानून को रद करवाने के लिए सड़कों पर संघर्ष कर रहे हैं। इसी बीच सरकार ने 27 सितंबर से धान की खरीद शुरू कर दी है। जिला बरनाला की अनाज मंडियों में अभी तक धान की बहुत कम ढेरियां पहुंची है। लेकिन जितनी भी ढेरियां अनाज मंडियों में पहुंच रही हैं, उनकी तुरंत खरीद हो रही है।
सूत्रों के मुताबिक 20 अक्टूबर को अनाज मंडियों में काफी बड़ी मात्रा में धान की फसल पहुंचेगी। जिसकी खरीद करने के लिए एजेसियां व आढ़तिए पूरी तरह से तैयार बैठे हैं। वहीं जिला प्रशासन व मंडी बोर्ड के अधिकारियों ने अनाज मंडियों में सभी प्रबंध पूरे कर लिए हैं ताकि किसानों को फसल बेचने में किसी भी प्रकार की कोई परेशानी पेश न आए। मंडी में शौचालय की कमी
मंगलवार को बरनाला अनाज मंडी का दौरा किया गया तो वहां पर बेहद कम धान की ढेरियां दिखाई दी। इस दौरान किसान इकबाल सिंह निवासी ठुल्लीवाल ने बताया कि अनाज मंडी में सभी काम ठीक चल रहा है, उनको फसल बेचने में कोई भी परेशानी पेश नहीं आ रही है। बस शौचालय की कमी है, अगर जिला प्रशासन व मंडी बोर्ड शौचालय का प्रबंध करवा दे तो किसानों को मुश्किल का सामना नहीं करना पड़ेगा। किसानों की समस्याओं का होगा तुरंत समाधान
मंडी बोर्ड के डीएमओ यशपाल सिंह ने बताया कि जिले की अनाज मंडियों में अभी किसान बेहद कम धान की फसल लेकर पहुंचे है, लेकिन जो ढेरियां लग रही हैं, उनकी खरीद तुरंत हो रही है। उन्होंने कहा कि अनाज मंडियों में सफाई, पीने के पानी और शौचालय के पूरे प्रबंध कर दिए गए हैं। अगर किसानों को किसी बात की समस्या आ रही है तो उसका भी तुरंत समाधान करवा दिया जाएगा।