ग्रंथी ने उठाई चरित्र पर अंगुली तो मंगेतर ने तोड़ी शादी, लड़की ने जहर खाकर दी जान
झंडेर थानांतर्गत पड़ते चेतनपुरा गांव की राजबीर कौर ने शादी टूटने से आहत होकर जहरीला पदार्थ निगलकर अपनी जीवन लीला समाप्त कर ली।
जागरण संवाददाता. अजनाला अमृतसर : झंडेर थानांतर्गत पड़ते चेतनपुरा गांव की राजबीर कौर ने शादी टूटने से आहत होकर जहरीला पदार्थ निगलकर अपनी जीवन लीला समाप्त कर ली। आरोप है कि गांव के गुरुद्वारा साहिब के ग्रंथी निकजीत सिंह ने मृतका के चरित्र पर अंगुली उठाई थी। इस कारण उसके मंगेतर गुरप्रीत सिंह ने शादी से इनकार कर दिया था। परेशान होकर राजबीर कौर ने जहरीला पदार्थ निगल लिया। पुलिस ने शव का पोस्टमार्टम करवाकर वारिसों के सुपुर्द कर दिया है। एएसआइ कुलदीप सिंह ने बताया कि चेतनपुरा गांव निवासी गुरनाम सिंह के बयान पर झंडेर थाने की पुलिस ने घरिडा थानांतर्गत पड़ते चीचा गांव निवासी गुरप्रीत सिंह (मंगेतर) और गांव के ही ग्रंथी निकजीत सिंह के खिलाफ आत्महत्या को उकसाने के आरोप में केस दर्ज कर लिया है। ग्रंथी को गिरफ्तार कर लिया गया है।
गुरनाम सिंह ने बताया कि उनकी बेटी राजबीर कौर (28) की मंगनी गुरप्रीत सिंह के साथ हुई थी। दोनों परिवारों ने शादी की तारीख 15 अक्टूबर तय की थी। उनके गांव (चेतनपुरा) के गुरुद्वारा साहिब के ग्रंथी निकजीत सिंह ने कुछ दिन पहले बेटी के मंगेतर गुरप्रीत सिंह के साथ बाते करके उनकी बेटी के चरित्र पर सवाल खड़े किए थे। इसके बाद गुरप्रीत सिंह राजबीर कौर से शादी करने से कतराने लगा। लड़के के परिवार ने बिचौले गुरभेज सिंह के हाथ संदेश भेजकर शादी तोड़ दी थी। तब से उनकी बेटी लगातार परेशान रहने लगी। 17 अक्टूबर को बेटी ने जहरीला पदार्थ निगल लिया। उसी शाम बेटी की गुरु नानक देव अस्पताल में मौत हो गई। पहले पुलिस ने अकस्मात मौत का मामला दर्ज किया था, लेकिन बाद में जांच के दौरान उक्त तथ्य सामने आने पर पुलिस ने कार्रवाई करते हुए ग्रंथी को गिरफ्तार कर लिया।