पत्नी के आशिक ने की थी अवतार सिंह की हत्या
किला जीवन सिंह गांव निवासी अवतार सिंह उर्फ बाबा की हत्या उसकी पत्नी के आशिक लवदीप सिंह ने अपने एक अन्य साथी के साथ मिलकर की थी।
जागरण संवाददाता, अजनाला-अमृतसर : किला जीवन सिंह गांव निवासी अवतार सिंह उर्फ बाबा की हत्या उसकी पत्नी के आशिक लवदीप सिंह ने अपने एक अन्य साथी के साथ मिलकर की थी। आरोपितों ने 17 मार्च को जंडियाला गुरु थानांतर्गत पड़ते ओठियां से खानकोट जाती सड़क पर वारदात को अंजाम दिया था। पुलिस ने कार्रवाई करते हुए दो दिन के भीतर सारा मामला सुलझा लिया। एसएसपी विक्रमजीत दुग्गल ने बताया कि दोनों आरोपितों को गिरफ्तार कर लिया गया है। आरोपितों के कब्जे से मिले दो मोबाइल नंबर से काफी अहम सुराग मिले हैं। लवदीप सिंह के मोबाइल पर मृतक अवतार सिंह की पत्नी के कई बार काल की गई थी।
पुलिस के मुताबिक, किला बाबा जीवन सिंह गांव का रहने वाला अवतार सिंह उर्फ बाबा की कुछ समय पहले शादी हुई थी। वह मेहनत मजदूरी कर अपना परिवार चला रहा था। इस बीच अजनाला थानांतर्गत पड़ते लखूवाल गांव निवासी लवदीप सिंह की मुलाकात अवतार सिंह की पत्नी के साथ हो गई थी। दोनों में नजदीकियां बढ़ी और दोनों में संबंध स्थापित हो गए। इस बात का जब अवतार सिंह को पता चला तो उसने अपनी पत्नी को काफी समझाया था, लेकिन वह इश्क के नशे में अंधी हो चुकी थी। उसने अपने पति की बात को मानने से इनकार कर दिया। अवतार सिंह ने अपनी पत्नी पर कई पाबंदियां लगानी शुरू कर दी। इस बात को लवदीप सिंह किसी भी कीमत पर बर्दाश्त नहीं कर पा रहा था। 17 मार्च की सुबह अवतार सिंह उर्फ बाबा किसी काम के सिलसिले से गांव ओठियां गया था। योजनाबद्ध तरीके से लवदीप सिंह ने अपने साथी राजबीर सिंह के साथ मिलकर उसे घेर लिया। आरोपितों ने उसपर तेजधार हथियारों से हमला कर उसकी हत्या कर दी और शव वहीं सड़क किनारे फेंक कर फरार हो गए थे।