तेल नहीं मिला, कूड़ा उठाने रवाना नहीं हुईं ट्रॉलियां
अमृतसर स्वछ भारत मिशन और स्मार्ट सिटी का ढोल पीट रहे नगर निगम अधिकारियों के लिए शनिवार का दिन शर्मिंदगी भरा रहा।
जागरण संवाददाता, अमृतसर
स्वच्छ भारत मिशन और स्मार्ट सिटी का ढोल पीट रहे नगर निगम अधिकारियों के लिए शनिवार का दिन शर्मिंदगी भरा रहा। निगम की ऑटो वर्कशॉप में तेल की किल्लत की वजह से कूड़ा निस्तारण के लिए ट्रॉलियां शहर में रवाना नहीं हो सकीं। हालांकि मामले की जानकारी मिलने के बाद निगम अधिकारियों ने आनन-फानन में छह ट्रॉलियां में थोड़ा सा तेल डलवाकर इन्हें रवाना किया। यह इसलिए किया गया तो धार्मिक स्थलों के आसपास पड़ी गंदगी को उठवाया जा सके।
दरअसल, नगर निगम के पास सफाई के लिए 33 ट्रैक्टर-ट्रॉलियां, 8 जेसीबी, 5 टिप्पर, 2 एलकी ट्रक, 5 सीवरेज जेटिग हैं। दूसरी तरफ शनिवार को इन वाहनों में तेल नहीं डलवाया गया। म्यूनिसिपल यूथ इंप्लाइज फेडरेशन के प्रधान आशु नाहर ने आरोप लगाया कि नगर निगम के डीसीएफए पंकज कपूर की अनदेखी की वजह से ऑटो वर्कशॉप में तेल नहीं पहुंचा। उक्त अधिकारी ने तेल के बिल समय पर पास नहीं किए। यही वजह है कि ऑटो वर्कशाप में तेल नहीं पहुंचा। हालांकि सभी मुलाजिम सुबह निर्धारित समय पर ड्यूटी पर पहुंच गए थे, पर तेल न होने की वजह से शहर में गाड़ियां नहीं भेजी जा सकीं। उन्होंने मेयर से कहा कि वह पंकज कपूर को शोकॉज नोटिस जारी करें। मेरी लापरवाही नहीं : पंकज कपूर
इस संदर्भ में डीसीएफए पंकज कपूर ने दो टूक कहा कि उनकी ओर से कोई लापरवाही नहीं हुई। इस संबंध में एक्सईएन तिलकराज से बात करें। मेरे पास जिस दिन बिल आया था, उसी दिन चेक बना दिया गया था। बैंक की गलती की वजह से चेक का भुगतान नहीं हो सका।