विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

अमृतसर में दिनदहाड़े महिला की हत्या का 6 घंटे में हिसाब बराबर, विदेश बैठे गैंगस्टर के इशारे पर रची थी बड़ी साजिश

Published: Tue, 24 Nov 2026 10:18 PM (IST)

अमृतसर पुलिस ने गुरु की वडाली में महिला की दिनदहाड़े हत्या का मामला छह घंटे में सुलझा लिया। मुठभेड़ में दो मुख्य शूटर घायल हुए, जो विदेश बैठे गैंगस्टर अंकुश बामण के गुर्गे थे।

अमृतसर में पुलिस मुठभेड़। फोटो जागरण

अमृतसर में पुलिस मुठभेड़। फोटो जागरण

HighLights

  1. अमृतसर पुलिस ने महिला हत्याकांड की गुत्थी छह घंटे में सुलझाई।

  2. दो मुख्य शूटर मुठभेड़ में घायल, गैंगस्टर अंकुश बामण के गुर्गे निकले।

  3. बटाला सरपंच की हत्या की साजिश का भी पुलिस ने किया खुलासा।

जागरण संवाददाता, अमृतसर। अमृतसर कमिश्नरेट पुलिस ने दिनदहाड़े हुई एक महिला की हत्या की गुत्थी को महज छह घंटे के भीतर सुलझाते हुए बड़ी सफलता हासिल की है। पुलिस और अपराधियों के बीच हुई मुठभेड़ में दो मुख्य शूटर गोली लगने से घायल हो गए हैं। इस पूरी कार्रवाई और मामले के पीछे की साजिश का खुलासा पुलिस कमिश्नर हरमनबीर सिंह गिल ने एक प्रेस वार्ता के दौरान किया।

पुलिस कमिश्नर हरमनबीर सिंह गिल ने जानकारी देते हुए बताया कि अमृतसर के गुरु की वडाली इलाके में दिनदहाड़े फायरिंग की एक घटना सामने आई थी। इस गोलीबारी में सिमरनजीत नामक एक युवक घायल हो गया था, जबकि उसके पड़ोस में बैठकर अपना काम कर रही दलबीर कौर नाम की महिला भी गोली की चपेट में आ गई।

दोनों घायलों को तुरंत अस्पताल पहुंचाया गया, लेकिन गंभीर रूप से घायल दलबीर कौर ने जख्मों की ताब न सहते हुए अस्पताल में दम तोड़ दिया। दिनदहाड़े एक निर्दोष महिला की हत्या से इलाके में सनसनी फैल गई थी और पुलिस के लिए यह मामला एक बड़ी चुनौती बन गया था।

पुलिस को मिला आरोपियों का सुराग

घटना की गंभीरता को देखते हुए डीसीपी सिटी जस्करन तेजा के नेतृत्व में एसीपी और एसएचओ छेहरटा बलविंदर सिंह की टीमों को तुरंत अलर्ट कर दिया गया। पुलिस की अलग-अलग टीमें अपराधियों की तलाश में जुट गईं। ह्यूमन इंटेलिजेंस और तकनीकी जांच के आधार पर पुलिस को आरोपियों के कोट खालसा इलाके की तरफ होने का सुराग मिला।

जब पुलिस पार्टियों ने संदिग्धों को घेरा और रुकने का इशारा किया, तो बदमाशों ने पुलिस टीम पर जानलेवा हमला करते हुए तीन राउंड फायर किए। आत्मरक्षा में पुलिस ने भी जवाबी कार्रवाई की और पांच राउंड फायर किए। इस क्रॉस फायरिंग में दोनों शूटरों के पैरों में गोलियां लगीं और वे घायल होकर गिर पड़े।

घायल शूटरों की पहचान अमृतसर निवासी हरमनप्रीत और जगरूप के रूप में हुई है। पुलिस ने दोनों को हिरासत में लेकर इलाज के लिए अस्पताल में भर्ती कराया है। डॉक्टरों के अनुसार, दोनों फिलहाल खतरे से बाहर हैं, लेकिन अगले 48 घंटे उनकी निगरानी के लिए बेहद अहम हैं।

20 हजार रुपये की दी थी सुपारी

पुलिस जांच में इस वारदात के पीछे कई चौंकाने वाले खुलासे हुए हैं। पुलिस कमिश्नर ने बताया कि ये दोनों शूटर विदेश में बैठे कुख्यात बदमाश अंकुश बामण के गुर्गे हैं। अंकुश बामण और केशव शिवाला नामक अपराधियों ने इन दोनों शूटरों को बटाला के एक सरपंच (या उसके निजी सुरक्षाकर्मी) की हत्या करने के लिए 20 हजार रुपये की सुपारी दी थी।

हालांकि, गुरु की वडाली में हुई घटना एक पुरानी रंजिश का नतीजा थी। शूटर हरमनप्रीत का सिमरनजीत के साथ पहले पगड़ी उतारने को लेकर कोई विवाद हुआ था। जब हरमनप्रीत और जगरूप किसी अन्य काम से जा रहे थे, तो अचानक सिमरनजीत उनके सामने आ गया।

पुराने विवाद के चलते उन्होंने सिमरनजीत पर गोली चला दी। गोली सिमरनजीत की छाती में लगी और वहां से रिफ्लेक्ट (टकराकर) होकर पास बैठी पड़ोसन दलबीर कौर के नाजुक अंग में जा लगी, जिससे उनकी मौत हो गई।

सुपारी रकम जब्त

पुलिस ने मुठभेड़ स्थल से आरोपियों के कब्जे से एक 9 एमएम पिस्तौल, तीन खाली कारतूस (खोल) और वारदात में इस्तेमाल की गई एक मोटरसाइकिल बरामद की है। इस मोटरसाइकिल पर कोई रजिस्ट्रेशन नंबर नहीं है और न ही इसके कोई दस्तावेज मिले हैं, जिसकी जांच की जा रही है। इसके अलावा, सुपारी के तौर पर मिले 20 हजार रुपये में से 7 हजार रुपये की नकदी और आरोपियों के मोबाइल फोन भी पुलिस ने जब्त कर लिए हैं।

पुलिस कमिश्नर ने स्पष्ट किया कि समय रहते इन शूटरों को पकड़ लेने से बटाला में होने वाली एक बड़ी हत्या टल गई है। बटाला पुलिस को भी इस संबंध में सूचित कर दिया गया है ताकि संबंधित सरपंच की सुरक्षा बढ़ाई जा सके। पुलिस अब जब्त किए गए मोबाइल फोन की फोरेंसिक जांच करवा रही है।

साथ ही, विदेश बैठे गैंगस्टर अंकुश बामण और उसके स्थानीय सहयोगियों व रिश्तेदारों की भी सूची तैयार कर उनसे पूछताछ की जाएगी। कमिश्नर ने चेतावनी दी कि अपराध और अपराधियों को किसी भी कीमत पर बख्शा नहीं जाएगा और इस नेटवर्क से जुड़े हर व्यक्ति के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी।

देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score ,IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।