यह एक आर्काइव लेख है, जिसे Nov 09, 2021 को प्रकाशित किया गया था। इसमें दी गई जानकारी वर्तमान समय के लिहाज से पुरानी हो सकती है।
एफएंडसीसी की बैठक: 35 करोड़ के विकास कार्य के प्रस्ताव मंजूर, होगा थर्ड पार्टी आडिट
अगले साल विधानसभा चुनाव होने हैं। उससे पहले ही नगर निगम की ओर से शहर में विकास कार्य तेज करवाने के लिए कमर कस ली गई है।

जागरण संवाददाता, अमृतसर: अगले साल विधानसभा चुनाव होने हैं। उससे पहले ही नगर निगम की ओर से शहर में विकास कार्य तेज करवाने के लिए कमर कस ली गई है। सोमवार को नगर निगम की वित्त एवं ठेका कमेटी (एफएंडसीसी) की बैठक मेयर करमजीत सिंह की अध्यक्षता में हुई। इसमें 35 करोड़ रुपये के विकास कार्याें के 214 प्रस्तावों को हरी झंडी दी गई। कमेटी के सदस्य व डिप्टी मेयर युनस कुमार बैठक से गैरहाजिर रहे। वह शहर से बाहर थे। बैठक में कमिश्नर मलविदर सिंह जग्गी, सीनियर डिप्टी मेयर रमन बख्शी, पार्षद गुरजीत कौर और नगर निगम के अधिकारी भी मौजूद रहे।
बैठक में एजेंडे में 171 प्रस्ताव मंजूरी के लिए रखे गए थे, जबकि 43 प्रस्ताव सप्लीमेंट्री एजेंडे पेश किए गए। इसमें सर्वसम्मति से निर्णय लिया गया कि अभी तक जितने भी विकास कार्य किए गए हैं या किए जाने हैं, उनका थर्ड पार्टी आडिट करवाया जाएगा। बैठक में पेश किए गए एजेंडों में बीआरटीएस रूट की मेंटिनेंस, गलियां-नालियां- वाटर सप्लाई-सीवरेज के कामों के टेंडरों को मंजूरी, वरियाम सिंह कालोनी और शेखां वाला बाजार में कम्युनिटी हाल बनाने, आबादी मूलेचक्क श्मशान घाट, झब्बाल रोड श्मशानघाट के विकास, देशभक्त राम सिंह घालामाला चौक मजीठा रोड की ब्यूटीफिकेशन, बाबा श्रीचंद गुरुद्वारा के एंट्री गेट निर्माण, वार्ड नंबर 12 के पार्कों में फन स्टेशन बनाने, गुम्मानपुरा गोशाला में विकास करवाने, लोहगढ़ से राजीव नगर में सड़क बनाने, निगम के क्वार्टरों की रिपेयर-रेनोवेशन, रोड पैचवर्क, वार्ड 53 में डा. भीम राव आंबेडकर का बुत लगाने, भुल्लर एवेन्यू में इंटरलाकिग टाइल्स से सड़क चौड़ी करने, विभिन्न वार्डों में वाटर सप्लाई-सीवरेज के कार्यो, कंपनी बाग और पैनोरमा में मेंटिनेंस के लिए इलेक्ट्रिक मटीरियल की खरीद के काम शामिल हैं। पारदर्शिता से होगा विकास : मेयर
मेयर करमजीत सिंह रिटू ने कहा कि शहर के विकास के लिए निगम पूरी तरह से प्रतिबद्ध है ओर पूरी पारदर्शिता से विकास के काम करवाए जा रहे है। विकास के काम में किसी भी प्रकार का घालमेल न हो, इसके लिए ही अभी तक हुए और होने वाले विकास के कामों का थर्ड पार्टी आडिट करवाने का निर्णय लिया गया है। बाहर हूं, आकर मेयर से बात करूंगा : डिप्टी मेयर
डिप्टी मेयर युनस कुमार ने कहा कि वह आउट आफ स्टेशन है। उन्होंने आग्रह भी किया था कि बैठक सुबह रख ली जाए। कुछ प्रस्तावों पर उन्हें आपत्ति है, जिस पर वह आकर मेयर से बात करेंगे और उसके बाद वह उन पर कुछ कह पाएंगे।
