प्रधानमंत्री की सुरक्षा में चूक पर सुप्रीम कोर्ट का निर्णय ऐतिहासिक : डा. राजू
उच न्यायालय द्वारा पंजाब में प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के सुरक्षा काफिले में की गई चूक पर दिए गए निर्णय को ऐतिहासिक बताते हुए भाजपा के वरिष्ठ नेता व पूर्व आइएएस डा. जगमोहन सिंह राजू ने कहा कि यह हमारे संविधान न्याय और जनता के विश्वास की जीत है
जागरण संवाददाता, अमृतसर : उच्च न्यायालय द्वारा पंजाब में प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के सुरक्षा काफिले में की गई चूक पर दिए गए निर्णय को ऐतिहासिक बताते हुए भाजपा के वरिष्ठ नेता व पूर्व आइएएस डा. जगमोहन सिंह राजू ने कहा कि यह हमारे संविधान, न्याय और जनता के विश्वास की जीत है।
उन्होंने कहा कि मोदी के पंजाब से लौटने के बाद तत्कालीन मुख्यमंत्री चरणजीत सिंह चन्नी ने छाती ठोक-ठोक कर दावा किया था कि वह पहली गोली अपनी छाती पर खाएंगे। उन्होंने भारतीय जनता पार्टी के आरोपों को सिरे से खारिज करते हुए नाटक करार दिया था। अब सर्वोच्च न्यायालय के पैनल ने स्पष्ट कर दिया है कि सुरक्षा चूक के लिए पंजाब सरकार ही जिम्मेवार है। राजू ने कहा कि फिरोजपुर के एसएसपी को भी स्पष्ट रूप से जिम्मेवार ठहराया है, जिन्होंने अदालत को बताया कि उन्हें दो घंटे पहले बताया गया था कि प्रधानमंत्री उस मार्ग से हो कर गुजरेंगे। इसके बाद भी वह सुरक्षा व्यवस्था ठीक नहीं कर पाए। पांच जनवरी 2022 को मोगा-फिरोजपुर रोड के फ्लाई ओवर पर काफिला रुकने के दौरान दो घंटों तक प्रधानमंत्री मोदी खतरे में रहे, क्योंकि वह पाकिस्तान सीमा से कुछ ही किलोमीटर की दूरी पर थे और पाकिस्तान आर्टिलरी की रेंज थे। अगर पाकिस्तान से भारत विरोधी तत्व कोई भी नापाक हरकत को अंजाम दे देते तो उसके नतीजे कितने भयानक होते।
उन्होंने कहा कि प्रधान मंत्री मोदी के मामले को लेकर कांग्रेस पार्टी पूर्व अध्यक्ष सोनिया गांधी, पार्टी अध्यक्ष राहुल गांधी सहित बहुत से कांग्रेसी नेताओं ने कटाक्ष किए थे। कांग्रेसी नेताओं ने राष्ट्रीय हित को अपनी व्यक्तिगत नापसंदगी से ऊपर क्यों रखा? राजू ने कहा कि सोनिया गाधी, राहुल गांधी तथा पूर्व मुख्यमंत्री चन्नी को राष्ट्र को जवाब देना होगा।