खराब कार वापस करने की बात की तो डीलर ने चला दी गोलियां
बिकी हुई खराब कार वापस करने की बात सुनकर कार डीलर रूपिदर सिंह उर्फ रिकी नामक कार डीलर ने खालसा कॉलेज के पास शनिवार देर रात गोलियां चला दीं।
जागरण संवाददाता, छेहरटा, अमृतसर : बिकी हुई खराब कार वापस करने की बात सुनकर कार डीलर रूपिदर सिंह उर्फ रिकी नामक कार डीलर ने खालसा कॉलेज के पास शनिवार देर रात गोलियां चला दीं। खरीदार पर तेजधार हथियारों से हमला कर जख्मी कर दिया। रणशेर सिंह को अस्पताल में दाखिल करवाया गया है। इस्लामाबाद थाने की पुलिस ने सुखजीत सिंह के बयान पर छेहरटा के भंगाली खूह के रहने वाले रूपिदर सिंह उर्फ रिकी, खंडवाला निवासी सोना और सात-आठ अज्ञात आरोपितों के खिलाफ केस दर्ज किया है। थाना प्रभारी अनिल कुमार ने बताया कि आरोपितों की गिरफ्तारी के लिए छापामारी की जा रही है।
सुखजीत सिंह ने बताया कि उसका खालसा कॉलेज के पास रेस्टोरेंट है। उसके रिश्तेदार रणशेर सिंह ने कुछ दिन पहले रूपिदर सिंह से पुरानी कार खरीदी थी। रूपिदर का कारों की खरीद-फरोख्त का कारोबार है। कार बेचते समय डीलर ने उसकी कई खूबियां गिनवाई थीं। रणशेर ने 2.95 लाख रुपये में कार खरीद ली। लेकिन कुछ चलने के बाद कार के इंजन में गड़बड़ी होनी शुरू हो गई। इसके बारे में जब रूपिदर सिंह को बताया तो उसने रणशेर सिंह को बताया कि वह सोमवार रात उसके रेस्टोरेंट के बाहर पहुंच जाए। कुछ देर बाद दोनों पार्टियां उसके रेस्टोरेंट पर पहुंच गईं। खराब कार की बात होने पर रूपिदर भड़क गया और उसने उसके रिश्तेदार रणशेर सिंह पर हमला कर दिया। जब रणशेर ने पुलिस बुलाने की धमकी दी तो आरोपित गोलियां चलाते हुए फरार हो गए। आरोपित रूपिदर ने रणशेर पर तेजधार हथियार से हमला कर जख्मी कर दिया।