विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

अमृतसर के चोगावां में नीची बिजली तारों की चपेट में आई पराली की ट्रॉली, रिहायशी इलाके में लगी आग से मचा हड़कंप

Published: Sun, 18 Oct 2026 10:06 PM (IST)

अमृतसर के चोगावां में नीची बिजली की तारों के संपर्क में आने से पराली से भरी एक ट्राली में आग ...और पढ़ें

नीची बिजली की तारों की चपेट में आई पराली से भरी ट्राली, लगी आग।

नीची बिजली की तारों की चपेट में आई पराली से भरी ट्राली, लगी आग।

HighLights

  1. चोगावां में पराली ट्राली में नीची तारों से लगी आग

  2. आसपास के घरों में दहशत, निवासियों ने बुझाई आग

  3. बिजली विभाग से तारों को ऊंचा करने की मांग

संवाद सहयोगी, श्री राम तीर्थ/अमृतसर। चोगावां में अमृतसर-अटारी बाईपास के पास रिहायशी इलाके में बिजली की नीची तारों के संपर्क में आने से पराली की गांठों से भरी एक ट्राली में आग लग गई।

आग की लपटें उठती देख इलाके में अफरा-तफरी मच गई और आसपास के घरों में रहने वाले लोगों में दहशत फैल गई। मोहल्लावासियों ने एकजुट होकर आग बुझाने का प्रयास किया। आग पर काबू पाने के लिए लोगों को घरों की पानी की टंकियां तक खाली करनी पड़ीं।

प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, पराली से भरी ट्राली जब नीची बिजली की तारों की चपेट में आई तो अचानक आग भड़क उठी। रिहायशी इलाके के नजदीक आग लगने से आसपास के घरों को भी खतरा पैदा हो गया।

स्थिति की गंभीरता को देखते हुए स्थानीय लोगों ने बिना समय गंवाए आग बुझाने का प्रयास शुरू कर दिया। लोगों की सूझबूझ और हिम्मत से आग को फैलने से रोकने की कोशिश की गई। सूचना मिलने पर दमकल विभाग की गाड़ी भी मौके पर पहुंची और आग पर पूरी तरह काबू पाने के प्रयास किए गए।

नीची तारों को ऊंचा करने की मांग

हादसे के बाद मोहल्लावासियों ने प्रशासन और बिजली विभाग से मांग की कि इलाके में लटक रही बिजली की तारों को तुरंत ऊंचा किया जाए, ताकि भविष्य में इस तरह के हादसों को रोका जा सके।

मौके पर मौजूद कुलदीप सिंह, बाबा वरिंदर सिंह, गुरभेज सिंह सोना, गुलजार सिंह, शेर सिंह, बाऊ, कवलजीत सिंह और धर्मेंद्र पहलवान सहित अन्य लोगों ने कहा कि नीची तारें लोगों की सुरक्षा के लिए खतरा बनी हुई हैं। विभाग को इस समस्या का तत्काल समाधान करना चाहिए।