जीएनडीएच में रेजिडेंट डॉक्टर को थप्पड़ मारे, सेहत सेवाएं ठप
- इज्जत से नाम लेने पर मरीज के अटेंडेंट ने डॉक्टर के साथ किया ऐसा, - मेडिकल कॉलेज के सभी रेजिडेंट डॉक्टर अनिश्चितकालीन हड़ताल पर गए फोटो - 16-17-17ए
जागरण संवाददाता, अमृतसर
गुरुनानक देव अस्पताल में कार्यरत एक रेजिडेंट डॉक्टर पर मरीज के अटेंडेंट ने हमला कर दिया। आरोप है कि अटेंडेंट ने डॉक्टर को थप्पड़ मारे। इस घटना के बाद गुस्साए रेजिडेंट डॉक्टरों ने रविवार को अस्पताल में धरना लगाकर सेहत सेवाएं ठप कर दीं। डॉक्टरों ने कहा कि जब तक आरोपित को गिरफ्तार नहीं किया जाता, वे हड़ताल जारी रखेंगे। डॉक्टरों के विरोध को देखते हुए पुलिस ने केस दर्ज कर लिया है।
यह घटना रविवार सुबह तकरीबन पौने तीन बजे की है। रेजिडेंट डॉक्टर सचिन वर्धन ने बताया कि रविवार को सर्जिकल यूनिट छह की इमरजेंसी ड्यूटी थी। मैं इमरजेंसी वार्ड में दाखिल मरीजों की जांच कर रहा था। इसी दौरान चार युवक और दो महिलाएं इमरजेंसी वार्ड में आई। मैंने एक युवक से पूछा क्या काम है। मैं उस वक्त मरीजों की जांच कर रहा था, इसलिए मैंने उसे 'तेरा' कहकर संबोधन कर दिया। इस बात से युवक भड़क उठा। उसने कहा कि मुझे 'तेरा' क्यों कहा। इस युवक ने शराब पी रखी थी। वह ठीक से बात भी नहीं कर पा रहा था। मैंने उससे कहा कि मरीज की जांच करने दो। मैं मरीज का एग्जामिनेशन करने लगा, पर इस युवक ने मुझे काम करने से ही रोक दिया। उसकी इस हरकत की वजह से मैं इमरजेंसी वार्ड से निकलकर मेडिकल ऑफिसर के कमरे में चला गया, लेकिन यह युवक वहां भी आ धमका और मुझे कॉलर से पकड़कर थप्पड़ मारे। वह मुझे पीटता रहा। शोर सुनकर अस्पताल की सुरक्षा में तैनात सुरक्षा कर्मचारी आए, लेकिन यह युवक उनसे भी बदसलूकी करने लगा। इसके बाद अपने परिवार के साथ अस्पताल के बाहर निकल गया। सुरक्षा कर्मचारियों ने उसे रोकने का प्रयास किया तो उसने उनके साथ भी धक्का मुक्की की।
डॉ. सचिन वर्धन के साथ हुई इस घटना के बाद अस्पताल के रेजिडेंट डॉक्टरों ने सुबह अस्पताल की इमरजेंसी वार्ड के बाहर धरना लगा दिया। इस अवसर पर रेजिडेंस डॉक्टर एसोसिएशन के प्रधान डॉ. अमृतपाल ने कहा कि डॉक्टरों पर लगातार हमले हो रहे हैं, पर पंजाब सरकार उनकी सुरक्षा के पुख्ता प्रबंध नहीं कर रही। इस घटना के बाद पुलिस प्रशासन तत्काल कार्रवाई करते हुए आरोपित को गिरफ्तार करे, वरना गुरुनानक देव अस्पताल में स्वास्थ्य सेवाएं लगातार ठप रखी जाएंगी। इस बीच रेजिडेंट डॉक्टरों ने पंजाब सरकार के खिलाफ नारेबाजी की। इसके बाद मेडिकल कॉलेज के हॉस्टल्स में रहने वाले सभी डॉक्टरों को बुलाकर इस हड़ताल में शामिल किया गया। जीएनडीएच में आज नहीं होंगे ऑपरेशन
रेजिडेंट डॉक्टरों ने सेहत सेवाओं का पूर्णत: बहिष्कार करने का फैसला लिया है। सोमवार को अस्पताल में ऑपरेशन नहीं होंगे। ऑपरेशन थिएटर को ताला लगाकर रेजिडेंट डॉक्टर फिर से हड़ताल में शामिल होंगे। कैंडल मार्च निकालकर मांगा न्याय
डॉक्टरों ने देर शाम मजीठा रोड पर कैंडल मार्च निकालकर पंजाब सरकार से न्याय मांगा। डॉक्टर का कहना था कि वह असुरक्षा के माहौल में काम कर रहे हैं। मरीज के अटेंडेंट अक्सर उनके साथ झगड़ते हैं। अब तो बात मारपीट तक पहुंच गई है।
पुलिस ने केस दर्ज किया
डॉक्टरों के विरोध के बाद थाना मजीठा रोड पुलिस ने इस मामले में कार्रवाई करते हुए हमलावर के खिलाफ केस दर्ज किया है। पुलिस के अनुसार जल्द ही आरोपित को गिरफ्तार कर लिया जाएगा।