तीन विद्यार्थियों सहित सात संक्रमित मिले, एक्टिव केस 51
कोरोना संक्रमण के मामले अब बढ़ने लगे हैं।
जागरण संवाददाता, अमृतसर : कोरोना संक्रमण के मामले अब बढ़ने लगे हैं। वीरवार को सात नए संक्रमित मिले। इनमें तीन विद्यार्थी भी शामिल हैं। तीनों विद्यार्थी सरकारी एलिमेंट्री स्कूल तुंगबाला से संबंधित हैं। अब जिले में संक्रमित विद्यार्थियों की संख्या 14 हो गई है। इसके साथ ही अब जिले में एक्टिव केस बढ़कर 51 हो गए हैं। पिछले चौबीस घंटों में किसी संक्रमित की मौत तो नहीं हुई, पर संक्रमण दर के बढ़ने और रिकवरी रेट के गिरने के बाद शासन प्रशासन की चिता बढ़ी है। केस बढ़ना तीसरी लहर की ओर जाने का संकेत है। हालांकि अभी तक आधिकारिक तौर पर तीसरी लहर की पुष्टि नहीं की जा रही। जिले में मार्च 2020 में शुरू हुआ कोरोना ने अब तक 47171 लोगों को संक्रमण ग्रस्त बनाया। इनमें से 45531 स्वस्थ हुए, पर दुर्भाग्यवश 1589 लोगों की जान चली गई। 83 गर्भवतियों व 16 स्तनपान करवाने वाली महिलाओं को लगी वैक्सीन
वीरवार को जिले में 13501 लोगों को टीका लगा। इनमें 83 गर्भवती व 16 स्तनपान करवाने वाली महिलाएं भी शामिल हैं। कुल 144 टीकाकरण केंद्रों पर टीके लगाए गए। टीका लगवाने के प्रति लोगों में खासा उत्साह दिखाई दे रहा है। टीकाकरण केंद्रों के बाहर लोगों की भारी भीड़ उमड़ रही है। वीरवार को जिले में 8927 लोगों को कोविशील्ड की पहली डोज लगी, जबकि कोवैक्सीन की पहली डोज लगवाने वाले 190 लोग थे। इसी प्रकार 4257 लोगों को कोविशील्ड की दूसरी डोज लगी, जबकि 127 लोगों ने कोवैक्सीन लगवाई। जिले में अब तक 677750 लोगों ने पहली डोज लगवाई है, जबकि दोनों डोज लगवाने वालों की गिनती 204764 है। कुल 882514 लोगों ने टीका लगवाया है।