अमृतसर में आप को झटका, विधायक निज्जर के 2 सलाहकार व पूर्व पार्षद अकाली दल में शामिल
अमृतसर में आम आदमी पार्टी को राजनीतिक झटका लगा है, जहां विधायक डॉ. इंदरबीर सिंह निज्जर के प्रमुख सलाहकारों सहित दर्जनों कार्यकर्ताओं ने आप छोड़कर शिरोमणि अकाली दल का दामन थाम लिया।

आप को झटका, विधायक निज्जर के दो राजनीतिक सलाहकार अकाली दल में शामिल।
HighLights
आप विधायक निज्जर के सलाहकार अकाली दल में शामिल हुए
छोड़ने वाले नेताओं ने आप की कार्यप्रणाली पर सवाल उठाए
मजीठिया ने मान और केजरीवाल पर जमकर निशाना साधा
जागरण संवाददाता, अमृतसर। आम आदमी पार्टी को अमृतसर में राजनीतिक झटका लगा है। विधायक डॉ. इंदरबीर सिंह निज्जर के दो प्रमुख राजनीतिक सलाहकारों, पूर्व पार्षद जसकरण सिंह और वार्ड नंबर 46 के इंचार्ज सहित दर्जनों कार्यकर्ताओं ने शनिवार को आप छोड़कर शिरोमणि अकाली दल का दामन थाम लिया।
अकाली दल के वरिष्ठ नेता बिक्रम सिंह मजीठिया की मौजूदगी में आयोजित कार्यक्रम में सभी नेताओं का सिरोपा देकर स्वागत किया गया। इस दौरान पार्टी छोड़ने वाले कुछ नेताओं ने मुख्यमंत्री भगवंत मान के साथ खिंचवाई अपनी पुरानी तस्वीरें भी फाड़कर रोष जताया।
अकाली दल में शामिल होने वालों में विधायक निज्जर के निजी एवं राजनीतिक सलाहकार हरप्रीत सिंह सनी मनी, प्रमुख राजनीतिक सलाहकार पुष्पिंदरजीत सिंह पारस संधू और पूर्व पार्षद जसकरण सिंह प्रमुख हैं। इनके अलावा मैडम कांता, नवजीत सिंह लक्की, मनप्रीत सिंह बोनी, वरिंदर सिंह खालसा, जसपाल सिंह, गुरजीत सिंह आजाद सहित विभिन्न वार्डों के दर्जनों कार्यकर्ता भी शिअद में शामिल हुए।

आप छोड़कर आए नेताओं ने पार्टी की कार्यप्रणाली पर गंभीर सवाल उठाए। हरप्रीत सिंह सनी और पारस संधू ने आरोप लगाया कि आम आदमी पार्टी को राजनीतिक दल के बजाय निजी कंपनी की तरह चलाया जा रहा है।
पार्टी के महत्वपूर्ण फैसले दिल्ली से लिए जाते हैं और स्थानीय विधायकों के ऊपर दिल्ली की टीमें तैनात की गई हैं। पार्टी में पद हासिल करने और लोगों के जायज काम करवाने के लिए भी पैसे की मांग होती है। बदलाव की उम्मीद लेकर आप में आए थे, लेकिन अब खुद को ठगा हुआ महसूस कर रहे हैं।
इस मौके पर मजीठिया ने मुख्यमंत्री भगवंत मान और आप सुप्रीमो अरविंद केजरीवाल पर निशाना साधते हुए कहा कि केजरीवाल शीश महल से बाहर नहीं निकल पा रहे, जबकि मुख्यमंत्री नशे की धुंध में डूबे हुए हैं। मोगा रैली पर सवाल उठाते हुए उन्होंने आरोप लगाया कि सरकारी संसाधनों और पीआरटीसी की बसों का इस्तेमाल कर भीड़ जुटाई गई तथा सरकारी खजाने का दुरुपयोग किया गया।
मुख्यमंत्री के तरी वाले बैंगन संबंधी बयान पर पलटवार करते हुए मजीठिया ने कहा कि वह खुशी से बैंगन खा लेंगे, लेकिन मुख्यमंत्री खुद बावर्ची बनकर उन्हें बनाकर खिलाएं। उन्होंने कहा कि शेर ज्यादा समय तक पिंजरे में कैद नहीं रहते।
मजीठिया ने पंजाब पर करीब पांच लाख करोड़ रुपये के कर्ज, भ्रष्टाचार, गैंगस्टरवाद और बिगड़ती कानून-व्यवस्था को लेकर भी सरकार को घेरा। अमरूद घोटाले का जिक्र करते हुए उन्होंने पूछा कि कथित तौर पर पैसे वापस जमा करवाने वाले अधिकारियों और मंत्रियों पर प्राथमिकी क्यों नहीं दर्ज की गई। अकाली-भाजपा गठबंधन के सवाल पर उन्होंने कहा कि पंजाब के हितों और किसानों के मुद्दों के लिए दोनों दलों के बीच बेहतर तालमेल जरूरी है।
देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score ,IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।