सुरंग के पास निर्माण कार्य एसजीपीसी करे बंद: जत्थेदार रोडे
श्री अकाल तख्त साहिब के पूर्व जत्थेदार जसबीर सिंह रोड़े ने कहा कि खोदाई के दौरान मिली सुरंग के आसपास चल रहे सारे निर्माण कार्य बंद करवाए जाएं।
जागरण संवाददाता, अमृतसर: श्री अकाल तख्त साहिब के पूर्व जत्थेदार और दमदमी टकसाल के प्रतिनिधि जत्थेदार जसबीर सिंह रोड़े ने कहा कि श्री अकाल तख्त साहिब के पास से खोदाई के दौरान मिली सुरंग के इतिहास का सच जब तक सारी दुनिया के सामने स्पष्ट नही हो जाता तब तक उसके आसपास चल रहे सारे निर्माण कार्य बंद करवाए जाएं। जत्थेदार रोड़ा स्थानीय भाई गुरदास हाल में देर शाम मीडिया को संबोधित कर रहे थे। उनके साथ एसजीपीसी के सदस्य व दमदमी टकसाल के प्रवक्ता बाबा चरणजीत सिह भी मौजूद थे।
जत्थेदार रोड़े ने कहा कि खोदाई के दौरान मिली सुरंग को लेकर तरह की तरह के दावे हो रहे है। सोशल मीडिया पर कई तरह का प्रचार चल रहा है। यहां तक यह भी दावा हो रहा है यहां पर ज्ञानियां का बुंगा था। ज्ञानी संत सिंह टकसाल के साथ संबंधित थे,जो टक्साल के मुखी भी रहे थे। उन्होंने कहा कि जब तक इस सुरंग के इतिहास संबंधी सारी स्थिति स्पष्ट नहीं हो जाती तब तक एसजीपीसी की ओर कार सेवा का काम कर रहे बाबा भूरीवाला को सारा काम बंद करने के लिए कहा जाए। उन्होंने कहा कि आवाज उठ रही है कि यादगारों को एसजीपीसी खत्म कर रही है। जो खत्म नही होने दी जाएंगी। एतिहासिक सुरंग साबित हो गई तो इस को हर हाल में सुरक्षित करने के लिए दमदमी टकसाल भी सहयोग देगी। उन्होंने कहा कि चाहिए तो यह था कि यहां पर जो पहले अलग अलग 84 के करीब बुंगे थी उन सभी को सुरक्षित रखा जाना चाहिए था। जिन को सुरक्षित नही रखा गया। जो बड़ी गल्ती है।
जत्थेदार रोड़े ने कहा कि इस मामले को लेकर उनकी एसजीपीसी की अध्यक्ष बीबी जगीर कौर और अकाली दल बादल के अध्यक्ष सुखबीर सिंह बादल के साथ भी बात हुई है। दोनों नेताओं ने भरोसा दिया है कि इस सुरंग को सुरक्षित रखा जाएगा अगर यह एतिहासिक साबित हुई। इस लिए तब तक इस के पास चल रहे सारे काम बंद होने चाहिए।