अब सेवा केंद्रों में आरक्षित करवाएं बस की टिकट
अब लोगों को बस पकड़ने के लिए हड़बडी़ नहीं होगी।
रविदर शर्मा, अमृतसर
अब लोगों को बस पकड़ने के लिए हड़बडी़ नहीं होगी। घर से बस स्टैंड पहुंचने से पहले ही उनके हाथों में बस सीट नंबर सहित आरक्षित टिकट होगा। पंजाब सरकार ने सेवा केंद्रों में अब बस टिकट के आरक्षण की भी सेवा शुरू कर दी है। जिले में मौजूद 41 सेवा केंद्रों में एक हेल्पडेस्क बनाया गया है। सुबह 10 से शाम पांच बजे तक सेवा मिलेगी। यहां सरकारी, गैर सरकारी वॉल्वों बसों के अलावा पीआरटीसी बसों के लिए भी टिकट आरक्षित करवाई जा सकती है।
तत्कालीन पंजाब सरकार ने लोगों को उनके घरों के निकट सरकारी सेवाएं देने के मकसद से सेवा केंद्र की शुरुआत अगस्त 2016 में की। शुरुआती दौर में 47 सेवाएं ही लोगों को इन केंद्रों से मिलती थी। मार्च 2019 से इन केंद्रों में कोर्ट फीस, बिजली और सीवरेज के बिलों की अदायगी शुरू किए जाने के साथ ही विद्यार्थियों के लिए मार्क्स कार्ड, डिग्री तथा संशोधित डिग्री दिए जाने की भी सुविधा शुरू की गई। आज इन केंद्रों में दी जाने वाली सेवाओं की संख्या 255 तक पहुंच गई है। वॉल्वो बस सेवा के साथ इन केंद्रों में मिलने वाली सेवाओं का आंकड़ा 256 तक पहुंच गया है।
किसी भी स्टेशन के लिए ले सकते हैं टिकट : सैनी
सेवा केंद्र के जिला मैनेजर राजीव सैनी ने बताया कि किसी भी सेवा केंद्र से किसी भी स्टेशन के लिए टिकट हासिल की जा सकती है। इसका ज्यादा फायदा ग्रामीण लोगों को होगा, क्योंकि वे इस बाबत एप सुविधा बारे ज्यादा जानकारी नहीं रखते। अभी यह सुविधा सुबह 10 से सायं पांच बजे तक है, जिसका भविष्य में समय बढ़ा कर रात आठ बजे तक किया जा सकता है।