रेलकर्मी ने बना रखा था लूटपाट वाला गिरोह, चार गिरफ्तार
महानगर में लूटपाट की वारदातों को अंजाम देने के लिए तरनतारन के रेलकर्मी सरबजीत सिंह ने गिरोह बना रखा था।
जागरण संवाददाता, अमृतसर: महानगर में लूटपाट की वारदातों को अंजाम देने के लिए तरनतारन के रेलकर्मी सरबजीत सिंह ने गिरोह बना रखा था। पुलिस ने सरबजीत सिंह सहित गिरोह के चार सदस्यों को शुक्रवार को गिरफ्तार कर लिया है। आरोपितों के कब्जे से चार मोबाइल, एक खिलौना पिस्तौल, एक स्कूटी और लोहे की रॉड बरामद कर केस दर्ज कर लिया है। जांच में सामने आया कि उक्त आरोपितों ने लॉकडाउन के दौरान सात जून की रात श्री दरबार साहिब के रागी और उनके परिवार को सुल्तानविड रोड पर डरा धमका कर नकदी और मोबाइल लूट लिया था।
बी डिवीजन थाना प्रभारी गुरविदर सिंह ने पकड़े गए आरोपितों की पहचान तरनतारन स्थित आदर्श नगर की गली गोपी पंडित वाली निवासी सरबजीत सिंह, रोडूपुरा मोहल्ला निवासी बिक्रमजीत सिंह उर्फ पिटू, गोइंदवाल निवासी लवप्रीत सिंह उर्फ लव और संत नगर निवासी सुखचैन सिंह उर्फ चैना के रूप में बताई है। पुलिस को सूचना मिली थी कि उक्त आरोपित इलाके में किसी लूट की वारदात को अंजाम देने की फिराक में है। आरोपितों ने शुक्रवार की रात लूट करनी थी। इसी आधार पर पुलिस ने चारों को धर लिया। पूछताछ में सामने आया कि सरबजीत सिंह रेलवे में कर्मी है। वह अपने गिरोह के साथ रात के समय वारदातों को अंजाम दे रहा था। जब कर्फ्यू के दौरान उसे पुलिस नाके पर रोका जाता था तो वह अपना रेलवे विभाग का पहचान पत्र दिखाकर ड्यूटी समाप्त कर घर जाने की बात बताता था।