विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

यह एक आर्काइव लेख है, जिसे Oct 18, 2017 को प्रकाशित किया गया था। इसमें दी गई जानकारी वर्तमान समय के लिहाज से पुरानी हो सकती है।

अमृतसर के अस्पताल में ऑक्सीजन न मिलने से मरीज ने तड़प-तड़प कर तोड़ा दम

By Sunil Kumar JhaEdited By:
Published: Wed, 18 Oct 2017 08:02 AM (IST)Updated: Wed, 18 Oct 2017 08:04 AM (IST)

अमृतसर के एक अस्‍पताल में अाॅक्‍सीजन की कमी के कारण एक मरीज की मौत हो गई। उसे ऑपरेशन के बाद ...और पढ़ें

अमृतसर के अस्पताल में ऑक्सीजन न मिलने से मरीज ने तड़प-तड़प कर तोड़ा दम
अमृतसर के अस्पताल में ऑक्सीजन न मिलने से मरीज ने तड़प-तड़प कर तोड़ा दम

अमृतसर, [नितिन धीमान]। यहां के सरकारी टीबी अस्पताल में ऑक्सीजन न मिलने के कारण एक मरीज ने तड़प-तड़प कर दम तोड़ दिया। 42 वर्षीय मंगल सिंह जद्दोजहद करता रहा लेकिन सरकारी अस्पताल की उदासीनता के चलते उसकी सांसें थम गई। अब मरीज की मौत के बाद अस्पताल प्रशासन ऑक्सीजन सप्लाई करने वाली कंपनी पर लापरवाही आरोप लगा रहा है। वहीं सेहत मंत्री ने इस मामले में रिपोर्ट मांगी है। इस गोरखपुर की हृदयविदारक घटना के बाद भी यहां अस्पताल प्रशासन ने सीख नहीं ली।

तड़पता रहा मरीज चिल्लाती रही पत्नी पर नहीं मिली ऑक्सीजन

बताया जा रहा है कि मंगलवार को टीबी अस्पताल में ऑक्सीजन सिलेंडर की आपूर्ति नहीं हुई। अस्पताल में सिर्फ दो ही सिलेंडर थे। जयंतिपुर निवासी मंगल सिंह को फूड पाइप के ऑपरेशन के बाद इमरजेंसी वार्ड में दाखिल किया गया था। सोमवार रात उसे ऑक्सीजन लगाई गई लेकिन सिलेंडर मंगलवार शाम करीब साढ़े छह बजे खत्म हो गया।

यह भी पढ़ें: सऊदी अरब में बंधक थी जालंधर की महिला, होता था शारीरिक और मानसिक शोषण

मंगल सिंह की पत्नी हरजीत कौर ने बताया कि उसने इमरजेंसी वार्ड के स्टाफ को इस बारे में कई बार बताया लेकिन उसे यही जवाब मिला कि अभी ऑक्सीजन की सप्लाई आई नहीं है इसलिए कुछ देर इंतजार करे। ऑक्सीजन की कमी के कारण मंगल सिंह तड़पता रहा और करीब आधे घंटे बाद शाम सात बजे उसने दम तोड़ दिया। दुखद पहलू ये भी रहा कि उसकी मौते की जानकारी मिलने के बाद भी टीबी अस्पताल के वरिष्ठ अधिकारी मौके पर नहीं पहुंचे और देर रात तक उसका शव इमरजेंसी वार्ड के बेड पर ही पड़ा रहा।

हरजीत कौर ने बताया कि वह बार-बार मिन्नतें करती रही कि मेरे पति को ऑक्सीजन लगा दो लेकिन स्टाफ ने बदसलूकी से बात करते हुए चुप रहने को कहा। पति की मौत के बाद ऑक्सीजन की सप्लाई आई। इससे बगैर आक्सीजन तड़प रहे अन्‍य मरीजों को राहत मिली।

सोमवार को लड़की की हुई थी मौत

सोमवार को इसी अस्पताल में कुलदीप कौर नाम की 22 वर्षीय लड़की की मौत भी हुई थी। बताया जाता है कि कुलदीप को भी ऑक्सीजन नहीं मिला जिस कारण उसकी मौत हुई, लेकिन इसकी पुष्टि नहीं हुई है।

मेरा दम घुट जाएगा

उधर, इमरजेंसी वार्ड में दाखिल कुंदनलाल ने कहा कि वह तो यहां इलाज करवाने आए हैं लेकिन हालात ऐसे हैं कि मुझे लगता है मेरा दम घुट जाएगा। सुबह से ऑक्सीजन के बगैर दम घुट रहा है। अभी सिलेंडर आए हैं लेकिन मुझे ऑक्सीजन नहीं लगाई गई।

डेढ बजे से ही कंपनी को कर रहे थे फोन : डॉ. पांधी

टीबी अस्पताल के प्रभारी डॉक्टर नवीन पांधी ने कहा कि वह दोपहर 1:30 बजे से शक्ति गैस कंपनी के कर्मचारियों को फोन कर रहे थे। उन्हें बार-बार यह कहा जा रहा था कि सिलेंडर भेजा जाए अन्यथा कोई अनहोनी हो सकती है लेकिन उन्होंने समय रहते सिलेंडर नहीं भेजे। वह बुधवार को शक्ति गैस कंपनी के संचालक से इस बाबत स्पष्टीकरण मांगेंगे। एजेंसी का लाइसेंस भी रद्द किया जा सकता है।

------

सेहत मंत्री ने मांगी रिपोर्ट

संपर्क करने पर पंजाब के सेहत मंत्री ब्रह्म मोहिंद्रा ने कहा इस मामले में उन्होंने सरकारी मेडिकल कॉलेज अमृतसर के प्रिंसिपल से रिपोर्ट मांगी है। रिपोर्ट के आधार पर ही आगे कार्रवाई की जाएगी।

यह भी पढ़ें: चंडीगढ़ में सस्‍ता हुआ पेट्रोल-डीजल, यूटी प्रशासन ने पांच फीसद कम किया वैट