नगर कीर्तन संग पाक जा रहे परमजीत सरना को अटारी बॉर्डर पर रोका, अफसरों ने बताया यह कारण
दिल्ली से ननकाना साहिब जा रहे अंतरराष्ट्रीय नगर कीर्तन के साथ पाकिस्तान जा रहे परमजीत सरना को बॉर्डर पर रोक दिया गया। उनका पासपोर्ट भी जब्त कर लिया गया।
अमृतसर, जेएनएन। दिल्ली से ननकाना साहिब के लिए सजाया गया अंतरराष्ट्रीय नगर कीर्तन वीरवार को अटारी-वाघा सड़क सीमा से पाकिस्तान के लिए रवाना हो गया। पाकिस्तान की तरफ से नगर कीर्तन का भव्य स्वागत किया गया, लेकिन नगर कीर्तन को सजाने में मुख्य भूमिका निभाने वाले अकाली दल दिल्ली के अध्यक्ष परमजीत सिंह सरना और दल खालसा के उपाध्यक्ष हरदीप सिंह को पाकिस्तान जाने से रोक लिया गया। हरदीप का पासपोर्ट कस्टम व इमीग्रेशन अधिकारियों ने जब्त कर लिया गया। दोनों को पुलिस में उन पर दर्ज केस का हवाला देते हुए रोका गया। बठिंडा के हरदीप पर कई मामले दर्ज हैैं।
दल खालसा के उपाध्यक्ष हरदीप सिंह को भी रोका गया, पासपोर्ट जब्त
सरना ने प्रेस कांफ्रेंस में बताया कि कस्टम व इमीग्रेशन अधिकारियों ने उनको कहा कि वह पाकिस्तान नहीं जा सकते क्योंकि उनके खिलाफ दिल्ली में 18 फरवरी 2012 को एफआइआर नंबर 66-12 दर्ज है। इसमें उन्होंने जमानत नहीं ली है। सरना ने आरोप लगाया कि बादल परिवार ने अपने खास नेता कुलदीप सिंह भोगल के माध्यम से उन पर झूठा केस दर्ज करवाया था। इसका पुलिस आज तक चालान नहीं पेश कर पाई है।
उन्होंने इस केस में जमानत लेने से पहले दिन ही इन्कार कर दिया था। इस मामले में उनको आज तक पुलिस ने गिरफ्तार भी नहीं किया है। जब से उक्त केस दर्ज है तब से आज तक वह 200 से अधिक बार पाकिस्तान और अन्य देशों में आ-जा चुके हैं। इस केस का हवाला देकर आज उनको रोकना स्पष्ट करता है कि यह एक राजनीतिक साजिश है जिसका शीघ्र दुनिया को पता चल जाएगा।
भारतीय अधिकारियों ने सरना पर 2012 में दिल्ली में दर्ज मामले में जमानत न लेने का दिया हवाला
सरना ने आरोप लगाया कि उनके खिलाफ साजिश की गई है। इस साजिश में पंजाब के पूर्व मुख्यमंत्री प्रकाश सिंह बादल व परिवार और दिल्ली सिख गुरुद्वारा प्रबंधक कमेटी के अध्यक्ष मनजिंदरसिंह सिरसा शामिल हैैं। जब उनको बॉर्डर पर रोका गया तो उन्होंने तुंरत केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह से फोन पर बात की। अमित शाह ने कहा कि उनको रोके जाने की कोई जानकारी नहीं है। उन्होंने भावुक होते हुए कहा कि वह इस मामले में कानून का सहारा लेेंगे। साजिश करने वालों को श्री अकाल तख्त साहिब के जत्थेदार को तलब करके धार्मिक सजा सुनानी चाहिए।
सिरसा के खिलाफ भी मामले, उन्हें क्यों नहीं रोका
सरना ने आरोप लगाया कि मनजिंदर सिंह सिरसा के खिलाफ दस गंभीर अपराधों वाले मामले चल रहे हैं, लेकिन उसे नहीं रोका जा रहा है। नगर कीर्तन के साथ उनके परिवार के सदस्य भाई हरविंदर सिंह सरना और बेटा भी गए हैं। वह भी जरूर ननकाना साहिब के दर्शनों के लिए जाएंगे। इस दौरान दल खालसा के प्रवक्ता कंवरपाल सिंह बिट्टू ने कहा कि हरदीप सिंह को रोककर कहा गया कि उनका पासपोर्ट जब्त कर लिया गया है। वह पांच दिन बाद अपने पासपोर्ट के सिलसिले में चंडीगढ़ स्थित पासपोर्ट कार्यालय से संपर्क करें।
-------------
1217 श्रद्धालु गए, स्पेशल बस को भी नहीं मिली इजाजत
नगर कीर्तन के लिए सोने की पालकी साहिब व श्री गुरु ग्रंथ साहिब के स्वरूप को लेकर जाने वाली स्पेशल बस को भी सीमा पार करने की इजाजत नहीं दी गई। श्रद्धालुओं ने 400 किलो की पालकी साहिब को अपने कंधों पर और श्री गुरु ग्रंथ साहिब के स्वरूप को अपने सिर पर उठाकर सीमा पार की। इस नगर कीर्तन के साथ 1217 श्रद्धालु पाकिस्तान गए। अटारी बॉर्डर पर रेड कारपेट बिछाकर नगर कीर्तन का स्वागत किया गया। इस मौके पर काफी संख्या में श्रद्धालु उपस्थित थे।
पंजाब की ताजा खबरें पढ़ने के लिए यहां क्लिक करें
हरियाणा की ताजा खबरें पढ़ने के लिए यहां क्लिक करें
यह भी पढें: Bigg Boss के घर में अब मचेगा घमासान, शहनाज की दुश्मन हिमांशी करेंगी वाइल्ड कार्ड एंट्री
यह भी पढ़ें: सिद्घू पर गर्माई सियासत, भाजपा में लौटने व अमित शाह से भेंट की कयासबाजी से बढ़ी हलचल