पंचायत में बुलाने के बाद पूर्व सैनिक जसबीर व उसका परिवार देर रहा था धमकियां
मंगलवार को गांव नूरदी में डॉ. परमजीत सिंह के लड़के सुखचैन सिंह की गोली मारकर हत्या करने के मामले में पुलिस ने आरोपित जसबीर सिंह उसके भाई पत्नी व एक लड़का व लड़की समेत छह के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया गया है।
जागरण संवाददाता, तरनतारन : मंगलवार को गांव नूरदी में डॉ. परमजीत सिंह के लड़के सुखचैन सिंह की गोली मारकर हत्या करने के मामले में पुलिस ने आरोपित जसबीर सिंह, उसके भाई, पत्नी व एक लड़का व लड़की समेत छह के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया गया है। काबू किए जसबीर सिंह से पूछताछ करके बाकी आरोपितों की गिरफ्तारी के लिए छापामारी जारी है।
पूर्व सैनिक जसबीर सिंह द्वारा डॉ. परमजीत सिंह के खिलाफ सोशल मीडिया पर आपत्तिजनक पोस्ट पाई गई थी। डॉ. परमजीत सिंह ने इस बाबत पंचायत को शिकायत की। पंचायत द्वारा पूर्व सैनिक जसबीर सिंह को सभा में बुलाकर उक्त पोस्ट डिलीट करने लिए कहा। जसबीर सिंह ने उक्त पोस्ट तो डिलीट कर दी, परंतु परमजीत सिंह को सबक सिखाने बाबत धमकाना शुरू कर दिया था। डॉ. परमजीत सिंह ने बताया कि वह अपने लड़के सुखचैन सिंह और उसके दोस्त गुरप्रीत सिंह के साथ ठेके पर ली पंचायती जमीन का चक्कर लगाकर घर लौट रहा था। यह लोग अभी गुरुद्वारा साहिब के गेट समीप पहुंचे थे कि घर की छत पर चढ़कर पूर्व सैनिक जसबीर सिंह गाली-गलौज करने लगा। जसबीर सिंह की लड़की जसकीरत कौर घर की अलमारी से 12 बोर की लाइसेंसी राइफल लेकर छत पर आई और पिता जसबीर सिंह को थमा दी। जसबीर सिंह के भाई जसपाल सिंह ने उसे आरोपितों का काम तमाम करने लिए कहा। इसके बाद जसबीर सिंह ने गोलियां चलाकर सुखचैन सिंह को मौत के घाट उतार दिया। थाना सिटी के सब इंस्पेक्टर मनमोहन सिंह ने बताया कि परमजीत सिंह के ब्यानों पर पूर्व सैनिक जसबीर सिंह, उसकी पत्नी चरनजीत कौर, लड़की जसकीरत कौर, लड़के रजिंदर सिंह, भाई जसपाल सिंह के अलावा गुरजीत सिंह नामक आरोपितों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया गया है।