छबील लगाने के विवाद में युवक की हत्या
घरिंडा थानांतर्गत पड़ते रणिके गांव के पास ठंडे पानी की छबील लगाने पर दो पक्षों में विवाद हो गया।
जागरण संवाददाता, अमृतसर: घरिंडा थानांतर्गत पड़ते रणिके गांव के पास ठंडे पानी की छबील लगाने पर दो पक्षों में विवाद हो गया। विवाद इतना बढ़ गया कि आरोपितों ने वीरवार शाम तेजधार हथियारों से हमलाकर डिप्टी सिंह उर्फ मोटा की हत्या कर दी। फिलहाल घरिडा पुलिस ने रणगढ़ गांव निवासी सागर सिंह, युद्धबीर सिंह, प्रितपाल सिंह, करण सिंह, प्रीत और बब के खिलाफ हत्या का मामला दर्ज कर लिया है।
सब इंस्पेक्टर दलजीत सिंह ने बताया कि रणगढ़ गांव निवासी गुरप्रीत सिंह (24) के मुताबिक मंगलवार को उसने अपने दोस्त डिप्टी सिंह (23) और आकाशदीप सिंह (24) के साथ मिलकर इलाके में छबील लगा रखी थी। उक्त आरोपित वहां पर अपनी बाइक से तेज गति से गुजर रहे थे। उन्हें लग रहा था कि आरोपित उनके ठंडे पानी के टब को पलटाना चाहते हैं। उन्होंने सागर सिंह को ऐसा करने से रोका था। उनके विरोध करने पर आरोपित वहां से चले गए। वीरवार को वह अपने दोनों दोस्तों के साथ कपड़े खरीदने के लिए अटारी की तरफ जा रहे थे। इस बीच रास्ते में सागर सिंह, युद्धबीर सिंह, प्रितपाल सिंह, करण सिंह, प्रीत और बब ने उन्हें घेर लिया। उन्हें जान से मारने की धमकियां देने लगे। जब उन्होंने वहां से भागकर जान बचाने का प्रयास किया तो सभी आरोपितों ने उनपर तेजधार हथियारों से हमला कर दिया। इस बीच डिप्टी सिंह को आरोपितों ने घेर लिया और चाकू मारकर गंभीर रूप से जख्मी कर दिया। जब उन्होंने डिप्टी को बचाने का प्रयास किया तो सभी आरोपित वहां से अपनी बाइक पर सवार होकर फरार हो गए। किसी तरह डिप्टी को अस्पताल में दाखिल करवाया गया, जहां उसकी मौत हो गई।