पंजाब में जल्द हाेगी बिजली कर्मचारियों की भर्ती, 15 दिन में नियुक्ति पत्र मिलेगा
पंजाब के नए बिजली मंत्री गुरप्रीत सिंह कांगड़ ने कहा कि बिजली बोर्ड में 15 दिनों में 3848 कर्मचारी भर्ती किए जाएंगे।
जेएनएन, अमृतसर। राज्य के नवनियुक्त बिजली मंत्री गुरप्रीत सिंह कांगड़ ने कहा है कि राज्य में जल्द ही बिजली कर्मचारियों की कमी को पूरा किया जाएगा। इसके लिए बिजली बोर्ड में अगले 15 दिनों में 3848 कर्मचारियों को नियुक्ति पत्र दे दिए जाएंगे। राज्य में बिजली आपूर्ति की स्थिति में भी सुधार किया जाएगा।
कांगड़ मंत्री बनने के बाद पहली बार वीरवार को गुरुनगरी आए थे। वह यहां श्री दरबार साहिब और श्री दुर्ग्याणा तीर्थ में परिवार सहित नतमस्तक होने पहुंचे थे। उन्होंने पत्रकारों से बातचीत में कहा कि नियुक्ति पत्र देने की सभी तैयारियां मुकम्मल कर ली गई है। उन्होंने कहा कि आने वाले दिनों में मुख्यमंत्री कैप्टन अमरिंदर सिंह से समय लेकर राज्य में कार्यक्रम आयोजित कर नियुक्ति पत्र दिए जाएंगे।
उन्होंने कहा कि गर्मियों में राज्य में उपभोक्ताओं को बिना पावर कट के बिजली सप्लाई देने के प्रयास किए जा रहे हैं। इसके लिए बिजली विभाग ने इंतजाम पूरे कर लिए हैं। उन्होंने कहा कि वर्तमान समय में पावर कट राज्य में गेहूं की फसल की कटाई के कारण और मेंटेनेंस के कारण लगाए जा रहे हैं। आने वाले दिनों में राज्य में पावर कट पूरी तरह बंद करवा दिए जाएंगे।
इससे पहले कांगड़ ने श्री दरबार साहिब में दर्शन किया और माथा टेका किया। इसके बाद, वह श्री दुर्ग्याणा तीर्थ पहुंचे और दर्शन किए।