अमृतसर में कैमरे लगाकर जासूसी करने के आरोपी को भेजा गया जेल, जांच के लिए 3 टीमें भी गठित
अमृतसर रेल ट्रैक के पास मिले सीसीटीवी कैमरे के संवेदनशील मामले में गिरफ्तार गुरदेव सिंह को 14 दिन की न्यायिक हिरासत में भेजा गया है।
-1783700883395_m.webp)
सीसीटीवी कैमरा मिलने के मामले में गिरफ्तार आरोपित पहुंचा जेल।
HighLights
गुरदेव सिंह को 14 दिन की न्यायिक हिरासत में भेजा गया
जीआरपी ने संवेदनशील मामले की जांच को तीन टीमें बनाईं
अमृतसर में अन्य आरोपितों की तलाश जारी है
जागरण संवाददाता, अमृतसर। दिल्ली रेल ट्रैक के पास ओवरहेड इलेक्ट्रिक पोल से सीसीटीवी कैमरा मिलने के संवेदनशील मामले में गिरफ्तार किए आरोपित गुरदेव सिंह का एक दिन का रिमांड समाप्त होने पर जीआरपी ने शुक्रवार दोबारा कोर्ट में पेश किया।
कोर्ट ने उसे 14 दिन की न्यायिक हिरासत में भेजने के आदेश दिए। उसे अमृतसर जेल भेज दिया गया है। उधर, इस अति संवेदनशील मामले की गुत्थी सुलझाने के लिए जीआरपी द्वारा तीन टीमें गठित की गई हैं।
एक टीम की कमान जीआरपी अमृतसर के थाना प्रभारी शाम सुंदर शर्मा खुद संभाल रहे हैं जबकि एक टीम को इस मामले के जांच अधिकारी सब-इंस्पेक्टर जगदीश सिंह लीड कर रहे हैं। तीसरी गुप्त टीम है, जिसके बारे में जानकारी साझा नहीं की जा रही।
थाना प्रभारी शाम सुंदर शर्मा ने कहा कि इस मामले में शामिल अन्य आरोपितों की गिरफ्तारी के लिए छापेमारी जारी है। उन्होंने आशंका जताते हुए कहा कि इस मामले में एक से ज्यादा लोग संलिप्त हैं।
उल्लेखनीय है कि अमृतसर-दिल्ली रेल ट्रैक पर ओएचई पोल से एक सीसीटीवी कैमरा मिला था जिसे पावर सप्लाई देने के लिए साथ में एक सोलर प्लेट भी मिली थी।
पुलिस को कैमरे के सिम स्लाट से एक सिम मिली थी, जोकि गुरदेव के नाम पर पंजीकृत निकली। गुरदेव को गिरफ्तार किया गया था। उस सीसीटीवी कैमरे द्वारा जासूसी करने की आंशका थी। इसी कारण मामले को अति गंभीरता से लिया जा रहा है।
