महिला डॉक्टर से छेड़छाड़ के विरोध में किसानों ने किया प्रदर्शन
भारतीय किसान यूनियन उग्राहां ग्रुप ने डीसी अमृतसर कार्यालय के बाहर रोष प्रदर्शन किया।
जागरण संवाददाता, अमृतसर : बाबा फरीद मेडिकल विश्वविद्यालय के एक डाक्टर की ओर से महिला डाक्टर के साथ छेड़छाड किए जाने के खिलाफ भारतीय किसान यूनियन उग्राहां ग्रुप ने डीसी अमृतसर कार्यालय के बाहर रोष प्रदर्शन किया। पंजाबी स्टूडेंट्स यूनियन के कार्यकर्ता भी शामिल हुए। प्रदर्शनकारी मांग कर रहे थे कि आरोपित डाक्टर के खिलाफ कानूनी कार्रवाई कर उसे पद से निलंबित किया जाए। प्रदर्शनकारियों ने मुख्यमंत्री के नाम जिला प्रशासन के अधिकारियों को ज्ञापन भी सौंपा।
किसान यूनियन के महासचिव सुखदेव सिंह कोकरी कलां ने कहा कि विश्वविद्यालय में महिला डाक्टर से छेड़छाड़ एक निदनीय घटना है। कथित राजनीतिक दबाव के कारण महिला की ओर से दी गई शिकायत को दबा लिया गया। आरोपित डाक्टर के खिलाफ अब तक कोई भी कार्रवाई नहीं की गई। उलटा शिकायत करने वाली महिला डाक्टर पर शिकायत वापस लेने के लिए दबाव बनाया जा रहा है।
किसानों ने मांग करते हुए कहा कि अदालत के आदेशों को मुख्य रख आरोपित डाक्टर के खिलाफ मामला दर्ज कर उसे पद से हटाकर पीड़िता को न्याय दिया जाए। आठ दिसंबर को सिटी कोतवाली थाने के बाहर प्रदर्शन कर रही लड़कियों और पीड़ित डॉक्टर की मारपीट करने वाले पुलिस कर्मचारियों के खिलाफ भी काननी कार्रवाई की जाए। इसके अलावा दिसंबर को कोतवाली थाना के बाहर प्रदर्शन कर रहे प्रदर्शनकारियों के खिलाफ दर्ज झूठे मामले रद्द किए जाएं। पुलिस की ओर से प्रदर्शनकारियों का कब्जे में लिया गया सारा समान वापस दिलाया जाए।