विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

यह एक आर्काइव लेख है, जिसे Jul 21, 2024 को प्रकाशित किया गया था। इसमें दी गई जानकारी वर्तमान समय के लिहाज से पुरानी हो सकती है।

आइएसआइ त्योहारों में पंजाब में रच रही आतंकी हमले का षड्यंत्र, फंडिंग और हथियारों की भेजी बड़ी खेप

Published: Sun, 21 Jul 2024 05:45 AM (IST)

पाकिस्तान की खुफिया एजेंसी आइएसआइ इन त्योहारों में पंजाब में किसी आतंकी हमले की तैयारी में जुटी है। इसके लिए ...और पढ़ें

आइएसआइ त्योहारों में पंजाब में रच रही आतंकी हमले का षड्यंत्र
आइएसआइ त्योहारों में पंजाब में रच रही आतंकी हमले का षड्यंत्र

HighLights

  1. आतंकी-गैंगस्टर गठजोड़ की मदद से पहुंचा चुकी है पंजाब में हथियारों की बड़ी खेप
  2. ड्रोन की मदद से पंजाब में भेजे गए हथियारों में आइईडी, राइफल और पिस्तौल शामिल

 नवीन राजपूत, अमृतसर। अगले महीने से देश में त्योहारों का सीजन शुरू होने वाला है। पाकिस्तान की खुफिया एजेंसी आइएसआइ इन त्योहारों में पंजाब में किसी आतंकी हमले की तैयारी में जुटी है। इसके लिए फंडिंग और हथियारों की खेप भी भिजवाई जा चुकी है। यह हथियार आतंकी-गैंगस्टर गठजोड़ की मदद से पहुंचाए गए हैं।

सुरक्षा एजेंसियां इस इनपुट के बाद चौकस हो गई हैं। पाकिस्तान सीमा से सटे पठानकोट से लेकर फाजिल्का तक के क्षेत्रों में पुलिस और अन्य एजेंसियां नजर रखे हुए हैं। लगातार आतंकी, तस्कर और गैंगस्टरों की धरपकड़ भी जारी है। खासकर जम्मू-कश्मीर के साथ लगते पठानकोट और गुरदासपुर जिले पर सुरक्षा एजेंसियों की खासी नजर है।

सीमावर्ती गांवों में हथियारबंद संदिग्ध देखे गए

एक महीने में करीब छह बार इन्हीं जिलों के सीमावर्ती गांवों में हथियारबंद संदिग्ध देखे जा चुके हैं। पुलिस व बीएसएफ संदिग्धों को पकड़ने के लिए सर्च आपरेशन भी चला चुकी है लेकिन अभी कोई सफलता नहीं हाथ लगी है।

खुफिया एजेंसी के एक अधिकारी ने बताया कि ड्रोन के माध्यम से आइएसआइ आइईडी सहित राइफल और पिस्तौल भारतीय हद में गिरा चुकी है। सुरक्षा एजेंसियां हथियारों की खेप की बरामदगी के साथ-साथ तस्कर, गैंगस्टर की धरपकड़ के लिए लगातार प्रयास कर रही है। इसके लिए पुराने आतंकियों का रिकार्ड भी चेक करवाया जा रहा है।

तीन तस्करों को गिरफ्तार किया

बता दें अमृतसर देहाती पुलिस ने सोमवार को तीन तस्करों को गिरफ्तार कर उनके कब्जे से आइएसआइ द्वारा भेजी गई पांच पिस्तौल और सात किलो हेरोइन बरामद की थी। इसके साथ ही मंगलवार को पंजाब पुलिस की खुफिया शाखा ने बब्बर खालसा इंटरनेशनल (बीकेआइ) के आतंकी रेशम सिंह को पिस्तौल, दो मैगजीन, नौ कारतूस सहित काबू किया था।

युवाओं को खालिस्तान की मांग को लेकर उकसाया जा रहा

आरोपित रेशम सिंह के अमेरिका में रहने वाले आतंकी हरप्रीत सिंह उर्फ हैपी पशिया के साथ काफी नजदीकियां हैं। आतंकी पन्नू रच रहा साजिशसुरक्षा एजेंसियों ने केंद्रीय गृह मंत्रालय को रिपोर्ट भेजी है कि कनाडा में बैठा आतंकी गुरपतवंत सिंह पन्नू पंजाब में बड़ी आतंकी वारदात की फिराक में है। वह इसके लिए हेरोइन भेज कर मोटी फंडिंग भी जमा कर चुका है और पंजाब के बेरोजगार युवाओं को खालिस्तान की मांग को लेकर काफी उकसा रहा है।

पठानकोट में 'पाकिस्तान जिंदाबाद' लिखे पोस्टर फेंके

पठानकोट में ढाकी रोड पर शनिवार सुबह करीब चार बजे शरारती तत्वों ने 'पाकिस्तान जिंदाबाद' के नारे लिखे पोस्टर फेंके और एक इनोवा कार के शीशे भी तोड़ दिए। हाथों से बनाए पोस्टर पर लिखा है कि पठानकोट के सरकारी दफ्तरों को उड़ा देंगे। इसके अलावा अन्य जगहों को भी निशाना बनाएंगे। कार के शीशे टूटने की आवाज सुन कर स्थानीय लोग बाहर आए।

लोगों ने बताया कि उन्होंने चार युवकों को मौके से भागते हुए देखा। पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है। एसएसपी सोहेल कासिम ने बताया कि प्राथमिक जांच में यह किसी व्यक्ति की शरारत लग रही है।

देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score , IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।