विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

यह एक आर्काइव लेख है, जिसे Nov 26, 2021 को प्रकाशित किया गया था। इसमें दी गई जानकारी वर्तमान समय के लिहाज से पुरानी हो सकती है।

साइकिल पर निकले सांसद औजला, महंगाई के खिलाफ संसद में उठाएंगे आवाज

By JagranEdited By:
Published: Fri, 26 Nov 2021 08:16 PM (IST)

सांसद गुरजीत सिंह औजला ने शुक्रवार को अटारी से जलियांवाला बाग तक साइकिल रैली निकालते हुए केंद्र सरकार से महंगाई को नियंत्रण करने की मांग की।

साइकिल पर निकले सांसद औजला, महंगाई के खिलाफ संसद में उठाएंगे आवाज
साइकिल पर निकले सांसद औजला, महंगाई के खिलाफ संसद में उठाएंगे आवाज

जासं, अमृतसर: देश में बढ़ रही महंगाई को लेकर सांसद गुरजीत सिंह औजला ने शुक्रवार को अटारी से जलियांवाला बाग तक साइकिल रैली निकालते हुए केंद्र सरकार से महंगाई को नियंत्रण करने की मांग की। उन्होंने कहा कि इस समय पेट्रोल-डीजल और गैस लगातार महंगी होती जा रही है। इसी कारण हर चीज मंहगी हो गई है। उन्होंने कहा कि 29 नवंबर को संसद का सत्र शुरू होने जा रहा है। वह महंगाई के खिलाफ संसद में इसकी आवाज उठाएंगे। उन्होंने कहा कि भारत-पाक का व्यापार भी खुलना चाहिए। व्यापार बंद होने के कारण 200 प्रतिशत कस्टम ड्यूटी पड़ रही है और पांच हजार परिवार प्रभावित हो रहे हैं। अगर केंद्र सरकार की तरफ से भारत-पाक व्यापार खोलने के लिए जरूरी कदम नहीं उठाएगी तो वह धरना देने से भी परहेज नहीं करेंगे।

इससे पहले अटारी में किसानी संघर्ष का एक साल पूरा होने व खेती कानून रद होने को लेकर एक रैली की गई। इसमें विधायक तरसेम डीसी, विधायक हरप्रताप सिंह अजनाला, विधायक सुनील दत्ती, जिला योजना बोर्ड के चेयरमैन राज कंवलप्रीत पाल सिंह लक्की, चेयरमैन जुगल किशोर शर्मा, ममता दत्ता, इंटक, यूथ कांग्रेस के पदाधिकारियों ने हिस्सा लिया। सांसद औजला ने कहा कि केंद्र सरकार की गलत नीतियों के खिलाफ एक नया संघर्ष शुरू किया जा रहा है। केंद्र सरकार बीएसएफ, सीबीआइ और अन्य एजेंसियों का दुरुपयोग करके अपने विरोधियों को नुकसान पहुंचाने का काम कर रही है। यह तानाशाही रवैया और असंवैधानिक है। इसके खिलाफ वह लोकसभा में आवाज उठाएंगे। उन्होंने कहा कि सर्दी के मौसम में पाकिस्तान के साथ दोबारा व्यापार के मुद्दे, भारत की विदेश नीति, मुद्रा पोर्ट से 35 हजार करोड़ की नशे की खेप की जांच रिपोर्ट सार्वजनिक करने, अमृतसर हवाई अड्डे से बंद की उड़ानों की बहाली, एक्सप्रेस वे शुरू करवाने जैसे मुद्दों पर आवाज बुलंद करेंगे।